प्रतापगढ़। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने थाना कोतवाली नगर पहुंचकर आमजन की शिकायतें सुनीं। थाना समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 08 व पुलिस विभाग की 02 शिकायते प्राप्त हुई। अधिकारियों ने फरियादियों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों एवं विभिन्न समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली तथा शिकायतों के निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जाकर प्रकरण की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाए। विशेष रूप से राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक फरियादी को उसकी शिकायत पर की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए। डीएम ने भूमि विवाद, आपसी विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आमजन को त्वरित न्याय एवं प्रभावी समाधान मिल सके। अधिकारियों ने जनसमस्याओं के समाधान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा के साथ थाना कोतवाली नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेखों एवं पुलिसिंग से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव, थाना परिसर की साफ-सफाई, जनशिकायतों के निस्तारण एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण करने तथा थाना की समस्त व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।