डिस्ट्रिक्ट वर्किंग ग्रुप बैठक और ‘इतनी भी क्या जल्दी है?‘ कैंपेन लांच
जिलाधिकारी द्वारा कैंपेन ’इतनी भी क्या जल्दी है? का शुभारम्भ
मनोज शर्मा
बाराबंकी। उम्मीद परियोजना जो कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के द्वारा मोबियस फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग से बाराबंकी जनपद के 7 ब्लॉक में चलाई जा रही है, के अंतर्गत विश्व जनसँख्या दिवस के अवसर पर 14 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट वर्किंग ग्रुप की बैठक का आयोजन हुआ जिसमें जिलाधिकारी/मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग,शिक्षा विभाग,ग्राम्य विकास विभाग,एन.आर.एल.एम. विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सामाजिक व्यवहार परिवर्तन एवं परिवार नियोजन की जानकारी के प्रचार-प्रसार लाने वाले कैंपेन ‘इतनी भी क्या जल्दी है?!!!’ और पुरुष सहभागिता बढाने के लिए ‘देश बदलेगा जब मर्द बदलेगा‘ कैंपेन का लांच किया गया।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह द्वारा बताया गया कि एस.बी.सी.सी कैंपेन ‘इतनी भी क्या जल्दी है?!’ का उद्देश्य पोस्टर्स,फिल्मों,जिंगल्स आदि का प्रयोग कर परिवार नियोजन के प्रति जन-जन में जागरूकता पैदा करना है। एसबीसीसी अभियान ‘इतनी भी क्या जल्दी है?!!!’ के प्राथमिक विषय और संदेश हैं – सही उम्र में शादी,पहला बच्चा देरी से ,दो बच्चों के जन्म में अंतर तथा आपातकालीन गर्भ निरोधक गोली का सही उपयोग हैं| लांच के दौरान चारों विषयों पर आधारित पोस्टर्स का विमोचन, तथा प्रचार प्रसार हेतु बनाई गयी लघु फिल्मों और जिंगल्स को जारी किया गया। जिलाधिकारीएवं मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा इस अवसर पर जनपद के तीन ब्लॉक के 150 गाँव में परिवार नियोजन के प्रचार प्रसार के लिए चलाई जाने वाली मोबाइल वैन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
ये खबर भी पढ़े : भियांव ब्लॉक परिसर में यूनियन बैंक ने लगाया वाटर कूलर, लोगों को मिलेगी शुद्ध पेयजल सुविधा
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विभिन्न विभागों के उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अन्तर्विभागीय समन्वय से कैंपेन में गतिशीलता आयेगी। सभी विभागों के सहयोग से परिवार नियोजन के साधनों की मांग को बढाने और इस से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है। इसलिए यह आवश्यक है कि सभी विभाग कैंपेन में विकसित सामग्री और फिल्मों को अपने स्टाफ के माध्यम से क्षेत्र में अवश्य दिखाएँ।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 रंजन गौतम द्वारा अवगत कराया गया कि एस.बी.सी.सी.कैंपेन ‘इतनी भी क्या जल्दी है?!!!’ के अंतर्गत पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया द्वारा प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर्स, फिल्में, जिंगल्स इत्यादि बनाए गए हैं तथा ऑनलाइन (इन्स्टा,यूटूयब,ट्विटर,फेसबुक) एवं ऑफलाइन (होर्डिंग्स) माध्यमों से भी जानकारी का प्रसार किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जनपद के तीन चयनित ब्लॉकों त्रिवेदीगंज, सिद्धौर एवं फतेहपुर के 150 गाँव में मोबाइल वैन के द्वारा तीन माह (जुलाई से सितम्बर 2025) तक कैंपेन के मुद्दों पर आधारित फिल्मों के प्रदर्शन किया जाएगा तथा हैण्ड बिल्स का वितरण, जिंगल्स को वैन से बजाया जाएगा| गाँव में आशाओं के माध्यम से फिल्म प्रदर्शन के दिन परिवार नियोजन के साधनों को वितरित भी किया जाएगा तथा वैन में उपलब्ध काउंसलर द्वारा परामर्श सेवाएँ भी दी जायेंगी| गाँव में फिल्म शो के दौरान प्रश्न पूछे जाने और सही जबाब देने वालों को पुरूस्कार की व्यवस्था की गयी है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के सीनियर एनालिस्ट जुबैर अंसारी द्वारा उम्मीद परियोजना के अंतर्गत सात जनपदों में किये जा रहे कार्यों यथा सात जनपद के ५० चयनित ब्लॉक की चयनित स्वास्थ्य इकाइयों में काउंसलिंग कार्नर स्थापना किये जाने, आशा/ए.एन.एम.को प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी क्षमता में वृद्धि किये जाने के साथ-साथ अन्तर्विभागीय समन्वय के माध्यम से परिवार कल्याण की दिशा में कार्य के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया तथा अवगत कराया गया कि परियोजना का प्रमुख उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग के साथ कार्य करते हुए परिवार कल्याण के क्षेत्र में गुणवत्तापरक सेवाओं में वृद्धि एवं विस्तार किया जाना है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डॉo संजय बाबू नोडल अधिकारी ने समुदाय स्तरीय सेवाप्रदाताओ तथा प्रधानों की भूमिका परिवार नियोजन कार्यक्रम की सफलता के लिए महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में बताया। मोबिअस फाउंडेशन से परियोजना संयोजक तथा राज्य प्रतिनिधि प्रभात कुमार ने बताया की आकार परियोजना के अंतर्गत पी एफ आई द्वारा उम्मीद परियोजना सात जिलों में चलायी जा रही हैं परियोजना के तहत परिवार नियोजन के उपयोग में वृद्धि से ही मातृ एवं शिशु स्वस्थ्य में भी सुधार हो पायेगा, उन्होंने कहा की अच्छा कार्य करने वाले स्टाफ को आगे भी सम्मानित किया जायेगा।
शिल्पा नायर राज्य निदेशक पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया ने बताया की अभियान के अंतर्गत नामित लाभार्थियों की सूची आशा द्वारा बनायीं जाएगी और मेगा कैंप में सभी लाभार्थियों को सेवाएँ दिलाई जायेंगी मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों को प्रतिज्ञा भी दिलवाई गयी कि वे इन सभी मुद्दों पर भविष्य में कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में उपरोक्त के अतिरिक्त जिला कार्यक्रम अधिकारी एनएचएम, डॉ. राजीव जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, डॉ. आफताब उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मोहम्मद इमरान डी0 एफ0 पी0 एल0, राकेश कुमार जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ, शिक्षा, ग्राम्य विकास,महिला एवं बाल विकास, एन.आर.एल.एम इत्यादि के अधिकारीगण, पॉपुलेशन फाउंडेशन से सहायक राज्य निदेशक, बी0 जैन0 एवं सीनियर एनालिस्ट मनका सिंह की उपस्थिति रही।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
