खेरेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
विहिप बजरंगदल ने रविवार संध्या से ही तेज किया सेवा अभियान
अलीगढ़। श्रावण मास के अंतिम सोमवार होने के कारण श्री खेरेश्वर महादेव धाम में रविवार रात्रि से ही श्रद्धालुऔ की भीड का उमड़ना प्रारंभ हो गया था। बाबा खेरेश्वर के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा। लाखों शिवभक्तों ने पवित्र जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति विहिप-बजरंगदल के कार्यकर्ताओं द्वारा रविवार की संध्या से ही मंदिर परिसर में विशेष सेवा अभियान चलाया गया। सभी कार्यकर्ताओं ने अपने चिर-परिचित सेवा, संस्कार, समर्पण और स्वभाव के मंत्र के साथ पूर्ण निष्ठा भाव से श्रद्धालुओं की सेवा की। मंदिर प्रशासन के सहयोग से बैरिकेडिंग (कतार) की विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जा सकें। कार्यकर्ताओं ने पूरी रात और पूरे दिन बिना रुके, बिना थके श्रद्धालुओं को पंक्ति में लगाकर अनुशासित तरीके से दर्शन कराए। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष सहयोग देकर आगे से दर्शन कराए गए। बैरिकेडिंग व्यवस्था के कारण किसी भी प्रकार की भगदड़ नहीं हुई और सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से बाबा के दर्शन किए।
इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा। पूरे मंदिर परिसर, गर्भगृह के बाहर और परिक्रमा मार्ग में स्वच्छता अभियान चलाया। जगह-जगह पर कूड़ा एकत्र कर उसे निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया। श्रद्धालुओं से भी स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। प्रयास रहा कि भक्तों को एक स्वच्छ और पवित्र वातावरण में बाबा के दर्शन प्राप्त हों।
इस अवसर पर विहिप-बजरंगदल, हरिगढ़ महानगर के संयोजक दीपक राजपूत ने बताया कि बजरंग दल का ध्येय ही है - सेवा, सुरक्षा और संस्कार। इसी मंत्र को चरितार्थ करते हुए हमारे कार्यकर्ता रविवार सायं से ही अनवरत सेवा में जुट गए और सोमवार देर शाम तक बिना रुके, बिना थके, पूर्ण निष्ठा के साथ सेवा कार्य में लगे रहे।
मंदिर के महंत कुश गोस्वामी और उप मुख्य महंत सुभाष गिरी गोस्वामी ने, बताया कि विहिप-बजरंग प्रति वर्ष श्रावण मे इसी समर्पण भाव से निस्वार्थ सेवा करता है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
लोकेंद्र वर्मा को पत्रकारिता क्षेत्र में 9 वर्षों का अनुभव है और वह ‘तरुणमित्र’ के अलीगढ़ ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। समाचार लेखन और रिपोर्टिंग में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
