धंस गया लंकास्टर अस्पताल, भवन के साथ जमीन में आई दरारें
सीसीएल गिरिडीह का मामला
- अवैध खनन से खोखली हुई जमीन का आरोप
गिरिडीह। सीसीएल गिरिडीह एरिया में भू-धंसान का मामला प्रकाश में आया है। मंगलवार की तड़के सुबह भू-धंसान की जद में सीसीएल का लंकास्टर अस्पताल आ गया। अस्पताल की दो भवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। दोनों भवनों का हिस्सा धंस गया है। जबकि सड़क के साथ-साथ बड़ा भू-भाग में भी चौड़ी-चौड़ी दरार आ गई है। घटना की जानकारी पर सीसीएल गिरिडीह एरिया जीएम कन्हैया शंकर गैवाल, परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा, चिकित्सक पदाधिकारी परिमल सिन्हा, सिविल विभाग के रामाकांत समेत अन्य लोग पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी ली।
घटना को लेकर अस्पताल के कर्मी दिलीप कुमार ने बताया कि सोमवार की रात्रि पाली में ड्यूटी में थे। सुबह 4 बजे के आसपास जब वे अन्य कर्मियों के साथ बाहर निकले तो देखा कि जमीन के साथ भवन में धंसान हो रहा है। तुरंत ही सभी कर्मियों को बाहर निकाला और फिर सूचना अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि यह पूरा अस्पताल खतरे की जद में हैं।

उल्लेखनीय है कि इस इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध खनन का काम होता रहा है। दशकों से अवैध तरीके से कोयला का खनन किया जाता रहा है। यही कारण है कि यहां की जमीन खोखली हो गई है और धंसान हो रहा है। जिसके जद में अब सीसीएल के एरिया अस्पताल भी आ गया है।
वहीं, जीएम, पीओ ने पूरे अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। जीएम ने अधिकारियों को एहतियातन कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस इलाके में किसी की एंट्री नहीं हो, इसे सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। इसे लेकर सीसीएल गार्ड और होम गार्ड की तैनाती कर दी गई है। पत्रकारों से बात करते हुए जीएम ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
