नेहरू स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास, योग सप्ताह के छठे दिन उमड़ी भीड़
रामनाथ सिंह
बिजनौर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे योग सप्ताह के तहत शनिवार को छठे दिन नेहरू स्टेडियम, बिजनौर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न सामाजिक एवं योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग प्रशिक्षक प्रशांत महर्षि, तिलक राम सिंह, गजेन्द्र कुमार एवं शकुल कुमारी ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने कहा कि नियमित योग से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विमल कुमार ने किया।
उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राकेश कुमार, जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरती गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुरेश कुमार तथा डॉ. शैलेन्द्र यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। योगेंद्र पाल सिंह योगी सहित अनेक योग प्रेमियों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रीड़ा भारती, गोविंदा मॉर्निंग क्लब, गायत्री परिवार, आईएनओ तथा अन्य योग संस्थाओं का विशेष सहयोग रहा। साथ ही राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बिजनौर एवं नेहरू स्टेडियम के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। समापन अवसर पर डॉ. विमल कुमार ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए 21 जून को आयोजित मुख्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
