कोर्ट के आदेश पर बड़ा एक्शन: तत्कालीन थाना प्रभारी, एसआई समेत 8 पर FIR, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
मामला कई महीनों तक कार्रवाई न होने के बाद न्यायालय की दखल से मुकदमे तक पहुंचा
उरई। उत्तर प्रदेश के जालाैन जिले के थाना एट क्षेत्र से जुड़े एक संवेदनशील प्रकरण में सीजेएम के आदेश पर थाना एट में तत्कालीन थाना प्रभारी पंकज पांडेय, तत्कालीन एसआई अभिषेक, नेता कार्तिक , दो अज्ञात पुलिसकर्मियों तथा उसके तीन अज्ञात साथियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामला कई महीनों तक कार्रवाई न होने के बाद न्यायालय की दखल से मुकदमे तक पहुंचा। थाना एट के प्रभारी शिव शंकर सिंह ने बुधवार काे बतााया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि 26 फरवरी 2026 की शाम उसके साथ बाजार में कथित रूप से छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपी द्वारा कार से कुचलकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के एकत्र होने से आरोपित मौके से भाग गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद जब वह थाना एट पहुंची तो उसने मुख्य आरोपित को तत्कालीन थाना प्रभारी के सरकारी आवास में बैठे देखा। महिला के अनुसार, उसने इसका वीडियो बनाने का प्रयास किया, जिस पर तत्कालीन थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया, अभद्र व्यवहार किया तथा वीडियो रिकॉर्डिंग रोकने का प्रयास किया। शिकायत में पुलिसकर्मियों पर आरोपित को संरक्षण देने और समझौते का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित महिला का कहना है कि उसने पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस महानिदेशक, राज्य महिला आयोग, राज्य मानवाधिकार आयोग, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, राष्ट्रपति तथा प्रधानमंत्री सहित विभिन्न अधिकारियों को पंजीकृत डाक के माध्यम से शिकायत भेजी। साथ ही सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और उसकी प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। कई महीनों तक कार्रवाई न होने पर शिकायतकर्ता ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम), जालौन स्थित उरई की अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 7 जुलाई 2026 को थाना एट में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत तत्कालीन एसएचओ पंकज पांडेय, तत्कालीन एसआई अभिषेक और कार्तिक समेत दो अज्ञात पुलिसकर्मियों, एक नामजद आरोपित तथा उसके तीन अज्ञात साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
