सीएम योगी ने उन्नाव को दी बड़ी सौगात बोले, परिवारवाद नहीं, विकास हमारी पहचान
उन्नाव के विकास को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री ने दी 570.32 करोड़ की 101 परियोजनाओं की सौगात
मनीष तिवारी
- सपा-कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना, माफियाराज की दिलाई याद
- कहा-उन्नाव को एससीआर, डिफेंस कॉरिडोर व रैपिड रेल से मिलेगी नई पहचान
उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को अपना घर और 140 करोड़ देशवासियों को परिवार माना है, जबकि उनके लिए उत्तर प्रदेश ही घर और प्रदेश के 25 करोड़ लोग परिवार के सदस्य हैं। उनकी समृद्धि और खुशहाली के लिए कार्य करना ही सरकार का मिशन है। मुख्यमंत्री गुरुवार को उन्नाव के हिंदू खेड़ा में 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा परिवारवाद की राजनीति की। कांग्रेस ने नेहरू-गांधी परिवार से बाहर कभी नहीं सोचा, जबकि सपा की राजनीति भी सीमित दायरे तक सिमटी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में माफिया और गुंडों का आतंक था।
व्यापारियों का अपहरण होता था और आम लोगों की आवाज दबाई जाती थी। उन्होंने इसकी तुलना रामायण काल के खर-दूषण, मारीच और सुबाहु के आतंक से की।
योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की नई पहचान बना है। उन्नाव को कभी पिछड़ने नहीं दिया जाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर, औद्योगिक क्लस्टर और बेहतर सड़क संपर्क के माध्यम से जिले को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि डिफेंस कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल क्लस्टर के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) में शामिल किया गया है और लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा रिंग रोड और बेहतर कनेक्टिविटी के जरिए क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
ये खबर भी पढ़े : प्रतापगढ़ में चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, 12 वर्षों की उपलब्धियों का हो रहा प्रदर्शनकार्यक्रम में राज्य मंत्री रजनी तिवारी, सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, विधायक पंकज गुप्ता, आशुतोष शुक्ला, श्रीकांत कटियार, बंबालाल दिवाकर, बृजेश कुमार, अनिल कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक एवं रामचंद्र प्रधान, जिलाधिकारी घनश्याम मीना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
