हिंदुत्व के साथ राष्ट्रवाद की भाजपा के बढ़ते कदम
4 से 15 अगस्त तक होंगे कई आयोजन
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की पहचान यूं तो हिंदुत्व को लेकर की जाती है। लेकिन राष्ट्रवाद के सहारे जनमत को मजबूत करने के लिए इस पखवारे में शहर से लेकर गांव तक कई कार्यक्रम करने जा रही है। इन कार्यक्रमों को जमीन पर उतारने एवं संवाद बढ़ाने को लेकर शनिवार को यहां विश्वेश्वरैया सभागार में एक कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में 10 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए गठित समिति में प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर भारद्वाज को संयोजक तथा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, प्रदेश मंत्री अनिल यादव एवं रजनी पांडे को सह-संयोजक बनाया गया है। पाच करोड़ घरों तक तिरंगा लगाने का लक्ष्य तय किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री अनिल के. एंटनी ने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि बूथ अध्यक्ष के मार्गदर्शन में हर कार्यकर्ता कम से कम 50 घरों के लोगों को इस अभियान के साथ अवश्य जोड़े। युवा वर्ग को साथ जुड़ेंगे तो इससे न केवल जमीन पर, बल्कि सोशल मीडिया पर भी हमारी यह तिरंगा यात्रा विश्व भर में पहुंचेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि 10 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। हमारा प्रयास होना चाहिए कि इस अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी हो। क्षेत्र, जिला और मंडल स्तर पर टोली का गठन किया गया है। 4 एवं 5 अगस्त को जिला योजना तथा 6 अगस्त को मंडल योजना बैठकें आयोजित कर कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल तथा महानगरों के वार्ड स्तर पर 1 से 2 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं में भारतीय जनता युवा मोर्चा तथा महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ सक्रिय सहभागिता करेंगे।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों, स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों तथा उनके आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाए। 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएं, जिससे राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचे । 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान, व्यापारिक संस्थान एवं कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण किया जाए। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर सभी जिलों में बैनर एवं प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस तथा संगोष्ठियों का आयोजन कर विभाजन की विभीषिका से जुड़े संस्मरणों को साझा किया जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
