आर्य वीर-वीरांगना दल के चरित्र निर्माण शिविर का शौर्य प्रदर्शन के साथ भव्य समापन
वैदिक संस्कृति के सजग प्रहरी और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं बच्चे - ओम प्रकाश आर्य
बस्ती - आर्य उप प्रतिनिधि सभा बस्ती मण्डल के अंतर्गत, आर्य वीर दल खलीलाबाद और आर्य समाज मगहर के संयुक्त नेतृत्व में चल रहे सात दिवसीय आर्य वीर-वीरांगना दल के चरित्र निर्माण शिविर का आज अत्यंत गरिमापूर्ण माहौल में समापन हुआ। समापन समारोह के दौरान शिविर के शिक्षार्थियों द्वारा किए गए अद्भुत शौर्य प्रदर्शन को देखकर उपस्थित जनसमुदाय ऊर्जान्वित हो उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्य प्रतिनिधि सभा लखनऊ के उपप्रधान ओम प्रकाश आर्य ने बच्चों का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा, "आप केवल इस शिविर के शिक्षार्थी नहीं हैं, बल्कि हमारी गौरवशाली वैदिक संस्कृति के सजग प्रहरी और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। महर्षि दयानंद सरस्वती जी के आदर्शों को अपने हृदय में धारण कर, इस शिविर में जो अनुशासन, सदाचार, योग और आत्मरक्षा का पाठ आपने सीखा है, वही आपके चरित्र की असली पहचान बनेगा। चरित्र ही वह शक्ति है जो एक साधारण मनुष्य को महापुरुष और वीर बनाती है।"
मुख्य वक्ता आचार्य शैलेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि आज समाज को आपकी शारीरिक शक्ति से कहीं अधिक आपके नैतिक बल, प्रखर राष्ट्रभक्ति और उच्च आदर्शों की आवश्यकता है। याद रखिए, आपके भीतर अदम्य साहस और ज्ञान का वह पुंज छिपा है जो हर सामाजिक कुरीति और अंधकार को मिटा सकता है। मुख्य अतिथि अमित जी JE ने कहा कि अपने पुरुषार्थ से यह सिद्ध कर दीजिए कि आप उसी पावन धरा की संतानें हैं जहाँ मर्यादा, वीरता और संस्कार रग-रग में बहते हैं। पूरे समाज को आलोकित करने के लिए हमें कृण्वन्तो विश्वमार्यम् (श्रेष्ठ जन पूरे विश्व को श्रेष्ठ बनाएं) के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।
इस अवसर पर बच्चों को आत्मरक्षा, लाठी संचालन, योग और शारीरिक विधाओं का कड़ा प्रशिक्षण देने वाली मुख्य प्रशिक्षिका अंजली आर्य और प्रशिक्षक राम तनय के निर्देशन में बच्चों ने अपनी अद्भुत क्षमताओं का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का सफल और ओजस्वी संचालन देवव्रत आर्य द्वारा किया गया। अंत में सभी प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल और मंगलमय जीवन की कामना के साथ शिविर के समापन की घोषणा की गई।
समारोह में मुख्य रूप से कबीर चौरा के संरक्षक महंत विचार दास, मुख्य अतिथि अमित सिंह (JE), विशिष्ट अतिथि शशिबाला (JE), आचार्य देवव्रत, जिला प्रभारी व आर्य नेता ओम प्रकाश आर्य, अशोक आर्य, उमाकांत , ओम प्रकाश निर्भीक, तथा आर्य वीर दल गोरखपुर के मंडलपति प्रमोद कुमार सहित भारी संख्या में बच्चों के अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
