गुलमोहर एन्क्लेव के SP-1 टावर में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी का आरोप
फायर डक्ट पर कब्जा और ओवरहेड टंकी से निजी मोटर लगाकर डायरेक्ट पानी लेने की शिकायत
गौरव बंसल ने डीएम से की जांच व कार्रवाई की मांग
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को सोसायटी निवासी एवं आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद के मीडिया प्रभारी गौरव बंसल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर SP-1 टावर में कथित फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन, फायर डक्ट पर अवैध कब्जे तथा ओवरहेड पानी की टंकी से निजी मोटर लगाकर डायरेक्ट पानी लेने की शिकायत करते हुए पूरे मामले की तकनीकी जांच और कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में बताया गया कि SP-1 टावर की ओवरहेड पानी की टंकी में घरेलू जलापूर्ति का कनेक्शन टंकी के सबसे निचले हिस्से से लिया गया है, जबकि फायर हाइड्रेंट सिस्टम का कनेक्शन उससे ऊपर के स्तर पर है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि टंकी का जलस्तर कम हो जाए तो आग लगने की स्थिति में फायर हाइड्रेंट सिस्टम को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाएगा, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो सकता है।
ये खबर भी पढ़े : वाराणसी: 24.42 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, 60 कॉलोनियों में बिछेगी नई सीवर लाइनशिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि SP-1/603 फ्लैट के बाहर स्थित फायर डक्ट क्षेत्र में लकड़ी की अलमारी बनाकर उस पर ताला लगा दिया गया है तथा वहां स्थायी रूप से सोफा रख दिया गया है। आरोप है कि इससे आपातकालीन स्थिति में अग्निशमन उपकरणों तक पहुंचने में बाधा उत्पन्न हो सकती है और यह फायर सेफ्टी मानकों का उल्लंघन है।
इसके अलावा शिकायत में आरोप लगाया गया है कि SP-1/603 के निवासी विनम्र जैन जो सोसायटी के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व सचिव रह चुके हैं, ने छत पर स्थित ओवरहेड पानी की टंकी से निजी मोटर लगाकर डायरेक्ट पानी लेने की व्यवस्था कर रखी है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इससे सामूहिक जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
गौरव बंसल ने कहा कि वह इस मामले को इसलिए गंभीरता से उठा रहे हैं क्योंकि इससे पहले उनके फ्लैट में भी आग लगने की घटना हो चुकी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते फायर सेफ्टी से जुड़ी खामियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सोसायटी में फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
वहीं, सोसायटी के सचिव ए.के. दोहरे से इस संबंध में संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नोटिस बोर्ड तथा संबंधित टावर पर सूचना चस्पा करवा दी गई है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
