नए बिजली कनेक्शन के नाम पर 7 हजार रिश्वत मांगने का आरोप,AAP ने विद्युत उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन
फिरोजाबाद में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन, दबरई विद्युत उपकेंद्र पर दिया धरना
अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
फिरोजाबाद। नवीन विद्युत कनेक्शन के नाम पर 07 हजार रु0 रिश्वत मांगने के आरोप को लेकर आम आदमी पार्टी ने विद्युत उपकेंद्र सिविल लाइन, दबरई पर धरना एवं विरोध प्रदर्शन कर अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौपा
सौपे गये ज्ञापन में
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शीलेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की तथा अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, फिरोजाबाद के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाये जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
शीलेन्द्र वर्मा ने कहा कि जनता को अपना वैध विद्युत कनेक्शन लेने के लिए किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को रिश्वत देने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।
यदि जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होती है, तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आम उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति विश्वास बना रहे।
घटना रसीदपुर कनेटा निवासी मनीषा देवी पत्नी हरिओम के नये विद्युत कनेक्शन से संबंधित है। शिकायतकर्ता के अनुसार, विद्युत उपकेंद्र सिविल लाइन, दबरई में तैनात जेई राहुल कुमार द्वारा जांच के लिए भेजे गये। कर्मचारी सुरेश कुमार ने नवीन कनेक्शन के नाम पर ₹7,000 की मांग की। रुपये न देने पर उन्हें कनेक्शन नहीं दिया गया। शिकायतकर्ता ने दोनों के बीच मिलीभगत की भी आशंका जताई है।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने कहा कि “न रिश्वत देंगे, न रिश्वत लेने देंगे” के संकल्प के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी जनता की आवाज लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि मनीषा देवी को शीघ्र नवीन कनेक्शन दिलवाकर दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये।
प्रदर्शन के दौरान नदीम सिद्दीकी ,सत्यम गौतम, निर्मल निषाद, छोटे प्रजापति, अमित गर्ग, सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे ।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविंद्र वर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के फिरोज़ाबाद ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ के साथ वह समाचार कवरेज और रिपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं।
