फिरोजाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, स्कूल में घुसे दो बदमाश ढेर, दो एसओजी जवान घायल
मुठभेड़ के दौरान बदमाश एक प्राथमिक विद्यालय में घुस गए और बच्चों को अपनी ढाल बनाने की कोशिश की
पुलिस की सतर्क कार्रवाई से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और दो वांछित बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाश मारे गए, जबकि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के दो जवान गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान बदमाश एक प्राथमिक विद्यालय में घुस गए और बच्चों को अपनी ढाल बनाने की कोशिश की। पुलिस की सतर्क कार्रवाई से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मारे गए दोनों बदमाश इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में 3 जुलाई को एक डॉक्टर से हुई लूट की घटना में वांछित थे। उस वारदात में शामिल तीन आरोपितों में से एक को पुलिस ने घटना के कुछ घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। शुक्रवार को एसओजी और इटावा पुलिस को दोनों के शिकोहाबाद क्षेत्र में होने की सूचना मिली, जिसके बाद उनकी घेराबंदी की गई।

बताया गया कि पुलिस से बचने के लिए दोनों बदमाश पहले श्रीराम रिसॉर्ट के पास पहुंचे, जहां उन्होंने एक ग्रामीण की मोटरसाइकिल छीन ली। इसके बाद वे नगला कन्हई स्थित प्राथमिक विद्यालय में घुस गए। उस समय विद्यालय में बच्चे मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने बच्चों को ढाल बनाकर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की गोलीबारी में एसओजी के दो जवान, डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी, घायल हो गए। दोनों को तत्काल शिकोहाबाद संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डेविड चौहान की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरे जवान का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पूरे विद्यालय परिसर और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस ने बच्चों और विद्यालय स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों बदमाश मारे गए।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामग्री बरामद कर ली है। मृत बदमाशों की पहचान सुमित और अंकित उर्फ सीपू के रूप में बताई गई है। दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
