भव्य दीक्षांत परेड में 390 प्रशिक्षु आरक्षियों ने ली सेवा की शपथ, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया गया सम्मानित
कौशाम्बी। पुलिस लाइन कौशाम्बी में रविवार को प्रशिक्षु आरक्षियों के दीक्षांत परेड समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त प्रयागराज सौम्या अग्रवाल के आगमन पर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण द्वारा उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा परेड का मान-प्रणाम ग्रहण करने के साथ हुई। इसके उपरांत परेड ग्राउंड पर सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण किया गया। प्रशिक्षु आरक्षियों ने अनुशासित एवं सधे कदमों से मार्चपास्ट करते हुए सलामी मंच के सामने से गुजरकर मुख्य अतिथि को अभिवादन किया, जिससे पूरे परिसर में अनुशासन और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान परेड की प्रस्तुति की समीक्षा की गई तथा मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में प्रशिक्षु आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के संबोधन का सीधा प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह को दिखाया गया।समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रशिक्षु राजीव मौर्य ने सर्वांगसम सर्वोत्तम प्रशिक्षु का गौरव हासिल किया, साथ ही उन्होंने आंतरिक विषयों (इंडोर) में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रशिक्षु राजित यादव ने बाह्य विषयों (आउटडोर) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। परेड संचालन में परेड कमांडर प्रथम राजीव मौर्य, द्वितीय सूरज प्रताप सिंह एवं तृतीय राजित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथिगणों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षु आरक्षियों ने कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ ली और परेड का समापन हुआ।समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अतिथियों को जलपान हेतु आमंत्रित किया।इस अवसर पर जिला जज जेपी यादव, जिलाधिकारी अमित पाल सहित जनपद के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, प्रशिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि कुल 390 प्रशिक्षु आरक्षियों ने 21 जुलाई 2025 से 26 अप्रैल 2026 तक पुलिस लाइन कौशाम्बी के रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र में आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसमें कौशाम्बी में नियुक्त 148 एवं प्रतापगढ़ में नियुक्त 142 प्रशिक्षु शामिल रहे। दीक्षांत परेड के सफल आयोजन के साथ सभी प्रशिक्षु आरक्षी अब उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवा के लिए पूर्णतः तैयार हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
