यूपी में बारिश से नदियां उफान पर, 15 की मौत
- मंदाकिनी खतरे के निशान से ढाई मीटर ऊपर, चित्रकूट के 36 गांव प्रभावित; पांच जिलों में स्कूल बंद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण चित्रकूट में मंदाकिनी नदी फिर उफान पर है। खतरे के निशान से नीचे आने के बाद नदी का जलस्तर दोबारा करीब ढाई मीटर ऊपर पहुंच गया है। बाढ़ के कारण जिले के करीब 36 गांव प्रभावित हुए हैं।प्रयागराज में भी गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं लखीमपुर खीरी में शारदा नदी खतरे के निशान से 32 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश के कारण मकान और दीवारें गिरने की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
चित्रकूट समेत पांच जिलों में स्कूल बंद
चित्रकूट में लगातार तेज बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 3 सितंबर को कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र और बलिया में भी बृहस्पतिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
सितंबर के पहले सप्ताह में जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक सितंबर के पहले सप्ताह में बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों के साथ तराई तथा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बुधवार को बुंदेलखंड, दक्षिणी जिलों, तराई और मध्यांचल के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। मिर्जापुर में सर्वाधिक 161 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को ललितपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। नदियों के बढ़ते जलस्तर और लगातार बारिश को देखते हुए प्रभावित जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने तथा संवेदनशील इलाकों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
