कोकराझार अस्पताल में लगेंगी छह डायलिसिस यूनिट, हुआ एमओयू
कोकराझार (असम)। कोकराझार के आरएनबी सिविल अस्पताल में छह डायलिसिस यूनिट स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
इस संबंध में बीजीआर टाउनशिप स्थित मानस गेस्ट हाउस में भारतीय तेल निगम लिमिटेड (आईओसीएल), बंगाईगांव रिफाइनरी और बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के बीच बुधवार की देर शाम को आयोजित कार्यक्रम में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह परियोजना आईओसीएल, बंगाईगांव रिफाइनरी की कॉरपोरेट एनवायरनमेंट रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीईआर) पहल के तहत लागू की जाएगी। परियोजना के एंडोसरी एवं कोकराझार के जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती, एसीएस इस अवसर पर उपस्थित रहे।
एमओयू पर बीटीसी के अतिरिक्त प्रधान सचिव प्रणजीत वारि, एसीएस तथा आईओसीएलI बोंगाईगांव रिफाइनरी के महाप्रबंधक (एचआर) मुसुखा बोडो ने हस्ताक्षर किए।
समारोह में आईओसीएल, बंगाईगांव रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख नयन कुमार बरुवा, बीटीसी के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक-सह-सीएचडी डॉ. नीलू कुमार ब्रह्म सहित आईओसीएल और स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आरएनबी सिविल अस्पताल में छह डायलिसिस यूनिट की स्थापना से कोकराझार तथा आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को डायलिसिस जैसी आवश्यक चिकित्सा सेवा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस पहल से क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ किडनी रोगियों के लिए उपचार की सुविधा और पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
