परिषदीय विद्यालयों में रोपे जायेंगे 12.43 लाख पौधे
परिषदीय विद्यालयों में रोपे जायेंगे 12.43 लाख पौधे
लखनऊ। वृक्षारोपण अभियान के तहत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा परिषदीय विघालयों में 12.43 लाख पौधे रोपे जायेंगे।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि किताबों के साथ अब हर बच्चे के हाथ में एक पौधा हो। बच्चा जब अपने हाथों से पौधा लगाएगा, उसे पानी देगा, तो वह सिर्फ छात्र नहीं, पर्यावरण मित्र बनेगा।
बेसिक शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस बार पौधरोपण में आम, अमरूद, जामुन, आंवला, कटहल, सहजन, नीम, पीपल जैसे फलदार, छायादार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। फलदार वृक्ष से बच्चों को पोषण मिलेगा और पर्यावरण को संरक्षण। स्कूल का किचन गार्डन, खेल मैदान, बाउंड्री और हर खाली जगह अब हरियाली से लहलहाएगी। इसके लिए विद्यालयों में गठित ईको क्लब, स्काउट्स एंड गाइड, एनसीसी, एनएसएस के बच्चों को विशेष जिम्मेदारी दी जाएगी।
ये बच्चे हमारी ह्यग्रीन ब्रिगेड हैं, इनके नेतृत्व में हर स्कूल में वृक्षारोपण उत्सव जैसा माहौल बनेगा। शिक्षक-अभिभावक बैठकों को हरित चौपाल बनाया जाए। अभिभावकों को प्रेरित किया जाए कि वे घर पर भी बच्चों के साथ पौधे लगाएं। जब स्कूल से निकला संदेश घर तक पहुंचेगा, तभी वृक्षारोपण जन आंदोलन बनेगा।
ग्राम पंचायतों में लेंगे 1.42 करोड़ पौधे
12 जुलाई को पौधरोपण अभियान के तहत प्रदेश की 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में 1.42 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा। इसे लेकर पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि ग्राम सभाओं में स्थानीय स्तर पर चारागाहों, तालाबों, अमृत सरोवरों, वेटलैंड क्षेत्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों का चिन्हांकन करते हुए व्यापक वृक्षारोपण की कार्ययोजना तैयार की गयी है। साथ ही पंचायत भवनों, विद्यालयों, सामुदायिक परिसरों, सड़क किनारों, तालाबों, अमृत सरोवरों, चारागाहों तथा सार्वजनिक भूमि पर भी पौधारोपण किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
