पंजाब पुलिस ने तस्करी रैकेट का किया पदार्फाश, 450 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलीजेंस विंग ने सीमा पार से हो रही तस्करी के रैकेट का पदार्फाश करते हुए करीब 450 करोड़ रुपये कीमत की 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद करके दो तस्करों को काबू किया है। यह गैंग पाकिस्तानी तस्कर मूसा द्वारा चलाया जा रहा था।
मूसा कुछ साल पहले भारत में उस समय चर्चा में आया था जब कस्टम ने यहां अटारी-बाघा बार्डर पर एक मालगाड़ी से 532 किलो हेरोइन बरामद की थी। पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि अमृतसर में पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलीजेंस विंग के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि यह हेरोइन पाकिस्तान से मंगवाई गई है, जिसे अब आगे सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने इससे पहले की पकड़ लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार विदेश में बैठे हैंडलर्स और पाकिस्तान के मूसा गैंग से भी जुड़े हुए हैं। यह गिरोह सीमा पार से ड्रग तस्करी कर पंजाब और अन्य राज्यों में सप्लाई करने का काम कर रहा था।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
