खुदाई के दौरान मिले चांदी के सिक्के, 500 साल पुराने होने का दावा
पंजाब के मोहाली में जमीन की खुदाई के दौरान मिले सदियों पुराने चांदी के सिक्के
- सिक्कों पर उर्दू की लिखावट
चंडीगढ़। मोहाली में पड़ने वाले खरड़ के नजदीक और श्री चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक गांव घड़ूआं में एक पुरानी धर्मशाला की खुदाई के दौरान सदियों पुराने चांदी के सिक्के मिलने की खबर है। इन सिक्कों पर उर्दू में लिखावट होने की बात कही जा रही है। सिक्के मिलने की खबर फैलने के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में एक पुरानी धर्मशाला को गिराकर उसकी जगह नई इमारत का निर्माण किया जा रहा है। नई इमारत की नींव तैयार करने के लिए जब जमीन की खुदाई की गई तो मिट्टी में से कुछ पुराने चांदी के सिक्के मिले। बताया जा रहा है कि इनमें से कई सिक्के स्थानीय लोगों और बच्चों ने उठा लिए, जिसके बाद यह मामला सामने आया।

काउंसलर शमशेर सिंह से बात की गई, तो उन्होंने भी माना कि उन्हें घड़ूआं में खुदाई के दौरान पुराने सिक्के मिलने की जानकारी मिली है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इन सिक्कों के 500-600 साल पुराने होने की चर्चा सुनने को मिल रही है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। शमशेर सिंह ने कहा कि सिक्कों के संबंध में पूरी जानकारी हासिल करने के बाद ही उनकी उम्र और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बारे में सही जानकारी दी जा सकेगी। फिलहाल उन्हें केवल सिक्के मिलने की चर्चा के बारे में जानकारी मिली है।
अब इन सिक्कों की वास्तविक संख्या, धातु, समयकाल और ऐतिहासिक महत्व के बारे में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि ये सिक्के वास्तव में सदियों पुराने साबित होते हैं तो यह घड़ूआं गांव के इतिहास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खोज हो सकती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
