महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक: 28 जून को थी परीक्षा अब स्थगित, नई तारीख का इंतजार
मुंबई : महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET 2026) को कथित प्रश्नपत्र लीक होने के बाद स्थगित कर दिया है। यह फैसला भिवंडी में पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान बरामद सामग्री में टीईटी के प्रश्न मिलने की पुष्टि के बाद लिया गया।
परिषद के अनुसार, महाराष्ट्र के 1,028 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जानी थी। एमएससीई ने बताया कि हाल ही में हुई अन्य परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हालांकि, 27 जून की सुबह मिली गोपनीय सूचना के आधार पर भिवंडी पुलिस ने एक स्थान पर छापा मारा, जहां कुछ लोगों के पास कथित तौर पर परीक्षा प्रश्नपत्र से जुड़ी सामग्री मिली।
जांच के दौरान परिषद के अधिकारियों ने पाया कि बरामद किए गए कुछ प्रश्न जून 2026 की टीईटी परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
नई परीक्षा तिथि कब घोषित होगी?
एमएससीई ने अभी तक नई परीक्षा तिथि की घोषणा नहीं की है। परिषद ने कहा है कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से आधिकारिक पोर्टल पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
क्या नया एडमिट कार्ड जारी होगा?
फिलहाल परिषद ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि 28 जून की परीक्षा के लिए जारी किए गए एडमिट कार्ड मान्य रहेंगे या नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। जिन उम्मीदवारों ने 16 जून के बाद अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया है, उन्हें इसे सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
क्या परीक्षा पैटर्न में होगा बदलाव?
एमएससीई ने परीक्षा पैटर्न में किसी भी बदलाव की घोषणा नहीं की है। पहले की तरह परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी। पेपर-1 और पेपर-2 में 150-150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट रहेगी और इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
क्या परीक्षा शुल्क वापस मिलेगा?
अब तक परिषद ने परीक्षा शुल्क वापस करने या यात्रा एवं आवास पर हुए खर्च के लिए किसी प्रकार के मुआवजे की घोषणा नहीं की है। फिलहाल केवल परीक्षा स्थगित होने की सूचना जारी की गई है। अभ्यर्थियों को किसी भी अफवाह पर ध्यान न देते हुए परिषद की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करने की सलाह दी गई है।
एमएससीई ने कहा है कि परीक्षा की नई तारीख, एडमिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, उम्मीदवारों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गर्गी विश्वकर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़ी हैं और डिजिटल डिप्टी चीफ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। वह डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्पष्ट, तथ्यपरक और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करती हैं।
