भोपाल में भारी बारिश का दौर जारी, पिकनिक स्पॉट पर फंसे 7 युवक रेस्क्यू
फाटापान बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पर तेज बारिश के बाद चारों तरफ भर गया पानी
टीले पर फंसे युवकों को पुलिस और SDERF टीम ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित निकाला
भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार तीसरे दिन बारिश जारी है। भोपाल में मंगलवार शाम तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर 2 से ढाई फीट तक पानी भर गया। इसी बीच कजलीखेड़ा स्थित फाटापान बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पर तेज बारिश के बीच 7 युवक फंस गए। पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी को सुरक्षित निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, भोपाल के 7 युवक दोपहर करीब 3 बजे पिकनिक मनाने कजलीखेड़ा में फाटापान बाबाझिरी गए थे। इसी दौरान तेज बारिश की वजह से पहाड़ों का पानी उतरकर पिकनिक स्पॉट के चारों तरफ भर गया। सातों युवक तेज बहाव के बीच टीले पर फंस गए। उन्होंने अपने परिजन को मोबाइल से इसकी जानकारी दी। परिवारवालों ने डायल 112 पर कॉल किया। शाम करीब 7 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पानी का बहाव बहुत तेज था इसलिए SDERF की टीम को बुलाया गया। स्थानीय ग्रामीणों से जानकारी लेकर टीले तक जाने के रास्ता बनाया गया। फिर सातों युवकों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
वहीं, भोपाल में देर शाम एक घंटे तक तेज बारिश हुई। जेपी हॉस्पिटल के पास सड़क पर करीब डेढ़ फीट पानी भर गया है। इसमें गाड़ियां फंसने से ट्रैफिक जाम हो गया। 7 नंबर बस स्टॉप पर भी जल भराव हुआ। बंसल अस्पताल के पास तिराहे पर पानी भरने से वाहन करीब दो घंटे से रेंगकर निकलते रहे।
पॉलिटेक्निक चौराहे के आगे भी करीब ढाई फीट और जेपी अस्पताल के पास डेढ़ फीट पानी भर गया। कई जगह ट्रैफिक प्रभावित हुआ है। बारिश और जलभराव के चलते भोपाल और गुना में बुधवार को स्कूल बंद रहेंगे। भोपाल में सोमवार और मंगलवार को भी स्कूलों की छुट्टी की गई थी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
