- बेटे, बहू, दामाद के नाम करोड़ों की फैक्टरी, आलीशान बंगले, प्लॉट्स के दस्तावेज बरामद
इंदौर। लोकायुक्त ने मंगलवार सुबह मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री (फाइनेंस) शिवराम सेमिल के नौ ठिकानों पर एक साथ छापामार कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में सेमिल के पास वैध आय की तुलना में करीब 258 फीसदी अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोकायुक्त टीम आज सुबह करीब 5.30 बजे सेमिल के इंदौर, पीथमपुर, धार और मुरैना स्थित कुल नौ ठिकानों पर छापे मारे। यह कार्रवाई लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई। शुरुआती जांच में सेमिल के घर से 4 किलो चांदी, 300 ग्राम गोल्ड और 3 लाख कैश मिला है। इसके अलावा बेटे-बहू और दामाद के नाम पर करोड़ों की फैक्टरी, आलीशान बंगले, प्लॉट्स के दस्तावेज बरामद हुए हैं।
शिवराम सेमिल इन दिनों इंदौर स्थित पोलोग्राउंड कार्यालय में पदस्थ हैं। लोकायुक्त के अनुसार सेमिल ने अपने 33 वर्ष के सेवाकाल में वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। जांच के दौरान इंदौर की सिलिकॉन सिटी स्थित सी-44 पर करीब एक करोड़ बीस लाख रुपये लागत का तीन मंजिला आलीशान मकान मिला। वहीं पीथमपुर सेक्टर-3 में पुत्र शुभम के नाम से शुभम इलेक्ट्रिकल नामक ट्रांसफार्मर निर्माण फैक्टरी मिली, जिसकी अनुमानित लागत एक करोड़ पच्चीस लाख रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि पुत्रवधू और अन्य परिजनों के नाम से कर्निश पावरजोन फर्म पंजीकृत है, जिसकी शेयर पूंजी पचास लाख रुपये है। फर्म के नाम पर पीथमपुर में दो औद्योगिक भूखंड खरीदे गए हैं, जिनमें से एक पर पुरानी फैक्टरी संचालित है जबकि दूसरे पर नई फैक्टरी का निर्माण चल रहा है। इस पर अब तक करीब एक करोड़ रुपये खर्च होना पाया गया है।
लोकायुक्त को धार जिले के उज्जैनी औद्योगिक क्षेत्र में दामाद और पुत्र के नाम से संचालित 'एसएस इलेक्ट्रिकल्स' फर्म भी मिली। यहां तीन औद्योगिक भूखंडों पर लगभग एक करोड़ पचास लाख रुपये का निवेश सामने आया है। इसी क्षेत्र में कृष्णा पावर के नाम से एक अन्य भूखंड पर फैक्टरी निर्माण भी जारी मिला, जिस पर अब तक करीब दस लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। जांच के दौरान रिश्तेदार के नाम से संचालित 'ए-वन इलेक्ट्रिकल' फैक्टरी भी मिली है, जिसमें करोड़ों रुपये के निवेश की जांच की जा रही है।
इंदौर में सप्तश्रृंगी नगर सिलिकॉन सिटी स्थित कार्यालय भवन पत्नी और पुत्र के नाम पर मिला, जिसकी गाइडलाइन कीमत साठ लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड स्थित अंजनी नगर और देवास नाका क्षेत्र में भी फर्मों के कार्यालयों की तलाशी ली गई। ओमेक्स सिटी में पुत्रों के नाम से करीब बीस लाख रुपये का प्लॉट और शुभम इलेक्ट्रिकल के नाम पर लगभग पंद्रह लाख रुपये की महिंद्रा इलेक्ट्रिक कार भी मिली। मुरैना के रविदास नगर में करीब पचास लाख रुपये कीमत का दो मंजिला मकान भी जांच में सामने आया, जहां ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने तलाशी ली।
लोकायुक्त के अनुसार सेमिल को पूरे सेवाकाल में लगभग दो करोड़ रुपये का शुद्ध वेतन मिला, जबकि अब तक छह करोड़ पचास लाख रुपये से अधिक की संपत्ति और निवेश का पता चला है। जीवन-यापन का खर्च जोड़ने पर कुल व्यय सात करोड़ सोलह लाख रुपये से अधिक आंका गया है, जो वैध आय से लगभग 258 प्रतिशत अधिक है।
लोकायुक्त पुलिस ने शिवराम सेमिल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 13(1)(B) और 13(2) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल डीएसपी सुनील तालान, आनंद चौहान, दिनेश पटेल, दीपक शेजवार सहित लोकायुक्त की कई टीमें सभी नौ ठिकानों पर दस्तावेजों, बैंक खातों और बेनामी संपत्तियों की गहन जांच में जुटी हैं।