स्कूल लाइब्रेरी में अलगाववादी नेताओं पर किताबें, J&K सरकार का एक्शन; 8 अधिकारी सस्पेंड
जम्मू: जम्मू-कश्मीर सरकार ने स्कूलों की लाइब्रेरी में रखी दो किताबों को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दिया है। सरकार का आरोप है कि इन पुस्तकों में अलगाववादी नेताओं का महिमामंडन किया गया है। मामले में 8 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक संविदा कर्मचारी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है।
स्कूल शिक्षा विभाग के आयुक्त एवं सचिव राम निवास शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पुस्तकों में मौजूद सामग्री "अत्यंत अनुचित" है और इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। सरकार ने इसे अधिकारियों की गंभीर लापरवाही और पर्याप्त जांच के अभाव का मामला माना है।
विवादित किताबों में 'Personalities and Legends of J&K' और 'Great Personalities of Jammu and Kashmir' शामिल हैं। ये पुस्तकें समग्र शिक्षा योजना के तहत उच्च माध्यमिक विद्यालयों की लाइब्रेरी के लिए खरीदी गई थीं।
सरकार के अनुसार, इन किताबों में मकबूल भट को 'शहीद' बताया गया है। इसके अलावा हाशिम कुरैशी, शब्बीर शाह और मसरत आलम भट जैसे अलगाववादी नेताओं को लेकर भी आपत्तिजनक सामग्री प्रकाशित की गई है। सरकार का कहना है कि ऐसी सामग्री विद्यार्थियों तक नहीं पहुंचनी चाहिए।
कार्रवाई के तहत समग्र शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े 8 अधिकारियों को निलंबित किया गया है। वहीं लाइब्रेरी समन्वयक की सहायता कर रहे एक संविदा कर्मचारी की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं।
सरकार ने मामले की जांच के लिए वित्तीय आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव अश्विनी कुमार की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है। समिति को 30 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, दोनों पुस्तकों के लेखकों और संबंधित प्रकाशन संस्थानों को भी जम्मू-कश्मीर में भविष्य में किसी भी शैक्षणिक सामग्री के प्रकाशन से ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
सरकार का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी अन्य अधिकारी या संस्था की जिम्मेदारी तय होती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गर्गी विश्वकर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़ी हैं और डिजिटल डिप्टी चीफ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। वह डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्पष्ट, तथ्यपरक और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करती हैं।
