'भारत के युवा सिर्फ कल के नेता नहीं, आज के राष्ट्र-निर्माता भी'
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने युवाओं की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारत के युवा सिर्फ कल के नेता नहीं हैं, वे आज के राष्ट्र-निर्माता हैं।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर, हम उस पीढ़ी का जश्न मना रहे हैं जो हमारे देश और दुनिया का भविष्य तय करेगी। भारत के युवा सिर्फ कल के नेता नहीं हैं, वे आज के राष्ट्र-निर्माता हैं। उनकी महत्वाकांक्षा के साथ जिम्मेदारी, उनके सपनों के साथ काम और उनके साहस के साथ मजबूत इरादा हो।"
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, "अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की सभी युवा साथियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। युवा वह है जिसके पैरों में गति, सीने में आग और आंखों में सपने होते हैं। युवा वह है जो ठान ले, तो उसे पूरा करके दिखाता है। इस अवसर पर मैं सभी युवाओं से आह्वान करता हूं कि अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपनी सकारात्मकता और रचनात्मक प्रतिभा से राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "ऊर्जा, उत्साह और असीम संभावनाओं से परिपूर्ण हमारे युवा साथी 'विकसित भारत' के सुदृढ़ आधार स्तंभ हैं। 'अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस' की सभी युवाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आप अपनी प्रतिभा से सफलता के नव नभ स्पर्श करें। जहां भी रहिए, कौशल, संस्कार और सेवा-भाव के मूल मंत्र को हृदय में संजोए रखिए। डबल इंजन की सरकार आपके स्वप्नों को साकार करने के लिए हर कदम पर साथ खड़ी रहेगी।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होती है। हमारी सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है।"
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि आज का युवा सपनों को स्टार्टअप में, हुनर को सफलता में और संकल्प को राष्ट्रशक्ति में बदल रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर सभी युवा साथियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "उसके हाथ में टेक्नोलॉजी है, मन में इनोवेशन है, आंखों में विश्व विजय का विश्वास है और हृदय में भारत प्रथम का भाव है। यही युवा शक्ति नए भारत की गति भी है और विकसित भारत की सबसे बड़ी गारंटी भी।"
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रदेश के सभी युवा साथियों को शुभकामनाएं देते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पोस्ट किया, "मेहनत, नवाचार और सेवा भावना से परिपूर्ण युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। मुझे विश्वास है कि हरियाणा के युवा अपने कौशल, प्रतिभा और संकल्प से प्रदेश और देश को नई उपलब्धियों तक पहुंचाएंगे।"गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने 'एक्स' पर लिखा, "युवाओं के विचारों में नवाचार, संकल्प में सामर्थ्य और प्रयासों में नए भारत की शक्ति है। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर सभी युवा साथियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
