चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल
चंबा। पठानकोट–चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के लाहड़ के समीप मंगलवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में भरमौर के एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गैहरा निवासी पप्पू राणा की बताई जा रही है। परिवार पीजीआई चंडीगढ़ से लौट रहा था।
इसी दौरान बनीखेत के लाहड़ के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस ने खाई में गिरी कार से शवों को बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
इस दुखद घटना की पुष्टि ग्राम पंचायत गैहरा की प्रधान इंदू ने की है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान, पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
