युवक ने डांट खाने के डर से पत्नी को बताई लूट की झूठी कहानी
दिल्ली : नांगलोई इलाके में एक शख्स ने शराब के नशे में अपना मोबाइल फोन खो दिया और पत्नी से डांट खाने के डर से लूट की झूठी कहानी बना डाली. पुलिस ने जब जांच की तो सारा मामला खुल गया. यह घटना 31 अगस्त की है, जब नांगलोई पुलिस स्टेशन में एक PCR कॉल आई कि राजेंद्र पार्क एक्सटेंशन के पास अग्रवाल टेंट हाउस के नजदीक एक बाइक सवार उसका फोन छीनकर भाग गया. शिकायतकर्ता अशोक कौशिक ने दावा किया कि उसका मोबाइल स्नैच कर लिया गया. पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि अशोक कौशिक उस समय शराब के नशे में था. इसके बावजूद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. आसपास लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन किसी भी स्नैचिंग की घटना नहीं दिखी.
जांच के दौरान पुलिस ने एक स्थानीय व्यक्ति सबर सिंह से पूछताछ की. उसने बताया कि कौशिक ने उससे फोन मांगा था, लेकिन नशे में होने की वजह से उसने देने से मना कर दिया. इसके बाद दोनों में हल्की कहासुनी हुई और कौशिक वहां से चला गया. जब पुलिस ने अशोक कौशिक को CCTV फुटेज दिखाया, तो उसने स्वीकार किया कि उसने फोन शराब के नशे में कहीं खो दिया था और पत्नी के गुस्से से बचने के लिए झूठी लूट की कहानी गढ़ी. बाद में उसका बयान तिस हजारी कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किया गया, जहां उसने सच्चाई स्वीकार कर ली कि कोई लूट नहीं हुई थी.
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
