'संकल्प से सिद्धि' प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 11 साल बेमिसाल पर कार्यशाला संपन्न
रायपुर । भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के 11 साल बेमिसाल संकल्प से सिद्धि पखवाड़ा कार्यक्रम मना रही है। इसी कड़ी में शनिवार को भाजपा रायपुर शहर जिला ने जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में वृहद कार्यशाला का आयोजन किया। मुख्य वक्ता के रूप में राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय उपस्थित रहे। साथ ही रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता के रूप में राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री मोदी ही एक ऐसे प्रधानमंत्री बने जिन्होंने चुनौतियों को स्वीकार किया और तमाम कठिनाइयों को लांघते हुए विकसित भारत के संकल्प का बीड़ा उठाया। आज हम दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर दुनिया की सबसे समृद्ध और विकसित सेना बन रहे हैं। हमारे संगठन ने सदैव हमें जन हितों और राष्ट्र निर्माण के लिए सतत कार्य करने की शिक्षा दी। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लगातार प्रधानमंत्री के साथ कंधे से कंधे मिलाकर विकसित भारत के संकल्प को साधने लगातार अथक परिश्रम कर रहा है।
उन्होंने पहलगाम की घटित घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 के निष्क्रिय होने के बाद कश्मीर में बढ़ते विकास से बौखलाया दुश्मन देश पाकिस्तान नापाक हरकत पर उतारू हुआ और कश्मीर में व्याप्त शांति के समाप्त करने का कुत्सित प्रयास किया। जिसमें हमारे 27 बेगुनाह भारतीय बलिदान हो गए, लेकिन हमारी सेना और सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान से पोषित आतंकवाद को और पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब दिया। साथ ही, हमने कूटनीतिक रूप से पाकिस्तान को पूरी दुनिया में बेनकाब कर अलग थलग कर दिया। हमारे जवान केवल भारतीय सीमा पर आतंकवाद से नहीं लड़ रहे थे अपितु उसी समय हम आंतरिक आतंकवाद से भी मुस्तैदी से लड़ रहे थे। बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में मारे गए नक्सली इसका दृश्य उदाहरण है। शीर्ष नेतृत्व से लेकर संगठन तक का संकल्प है कि हमें हमारे भारत को विकसित और श्रेष्ठ बनाने का संकल्प लेकर चलना है और उसे पूर्णता तक ले जाकर सिद्ध करना है। सांसद संतोष ने 9 जून से लेकर 21 जून तक भाजपा द्वारा किए जाने वाले कार्यकम का पूर्ण ब्योरा कार्यकर्ताओं को दिया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि संकल्प से सिद्धि केवल केंद्र सरकार का कार्यक्रम मात्र नहीं अपितु यह भारत के जन जीवन को सुव्यवस्थित करने का प्रण है। जिसमें उत्तम शिक्षा हो, बेहतर स्वास्थ्य हो, जन सुविधाओं का विस्तार हो, उत्तम आंतरिक और बाह्य सुरक्षा निर्धारित हो। वैश्विक रूप से भारत का गहरा प्रभाव रहे। विश्व गुरु के रूप में पूरे विश्व का मजबूत नेतृत्व भारत के हाथ में हो। यदि एक पंक्ति में कहा जाए तो भारत में राम राज्य की स्थापना ही संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम का मकसद है। यह सब हम हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से सीख कर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी अपना योगदान देकर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं और यही "संकल्प से सिद्धि" कार्यक्रम का मूल ध्येय है।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने भी कार्यशाला में उपस्थित पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम की कार्यशाला में मंच संचालन उपाध्यक्ष अकबर अली ने किया और आभार अमित मैसेरी शाह ने किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में जिला भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
टिप्पणियां