स्कूल से घर लौटते समय नदी में बहे तीन मासूम, तलाश जारी
गांव में पसरा मातम
बिलासपुर। जिले के तखतपुर में स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आने बह गए।
हादसे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं दो अन्य बच्चों की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार समडील गांव निवासी तीन बच्चे आज शनिवार काे स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए और नदी में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। सूचना पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।
नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों ग्राम पंचायत समडील के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और ग्रामीण लगातार नदी में लापता बच्चों की तलाश कर रहे हैं। अब एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद सर्च ऑपरेशन को और तेज किए जाने की उम्मीद है।
थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से नदी पार कर घर लौट रहे थे। नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से हादसा हो गया।
उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम जल्द गांव पहुंचेगी और नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों लापता बच्चों की तलाश की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
