विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत - हरित भारत“ की दिलाई शपथ

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत - हरित भारत“ की दिलाई शपथ

 

फिरोजाबाद, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा एक दिवसीय विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने हेतु विभिन्न गतिविधियाँ संपन्न हुईं।

कार्यक्रम की शुरुआत प्लॉग रन से हुई, प्लॉग रन शहर के सुभाष तिराहे से बस स्टैण्ड, जल कल परिसर, नगर निगम मार्ग, गांधी पार्क चौराहा से होते हुये गांधी पार्क पर समाप्त हुई। जिसमें प्रतिभागियों ने मार्ग में फैले कचरे को स्वयं उठाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को यह प्रेरणा दी गई, कि स्वच्छ और हरित शहर की कल्पना तभी साकार हो सकती है। जब हम स्वयं जिम्मेदारी से कार्य करें।
इसके उपरांत भारत माता पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नगर निगम के मुख्य अभियंता  मनीष कुमार सिंह , प्रभारी एसबीएम अरविन्द भारती, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक  विपन कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता  मनीष कुमार सिंह ने कहा,
“पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं , और इनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमें न केवल वृक्ष लगाने चाहिए बल्कि उनका संरक्षण भी सुनिश्चित करना चाहिए। नगर निगम इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। और नागरिकों की सहभागिता से ही यह प्रयास सफल होगा।

इसी क्रम में नगर निगम द्वारा भारत माता पार्क में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें पार्क में आने वाले आगंतुकों को “स्वच्छ भारत - हरित भारत“ की ग्रीन शपथ दिलाई गई और पर्यावरण संरक्षण हेतु जन भागीदारी का संदेश दिया गया।

यह सम्पूर्ण कार्यक्रम नगर आयुक्त ऋषि राज के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें समस्त पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारीगण, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए और पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।

नगर निगम फिरोजाबाद सभी नागरिकों से आह्वान करता है, कि वे पर्यावरण संरक्षण हेतु सजग रहें, वृक्षारोपण करें और अपने शहर को स्वच्छ एवं हरित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Tags:  

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां