देशभर में अगले 5 दिनों में भारी बारिश की चेतावनी
मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना
नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 24 से 28 जून तक के लिए सम्पूर्ण देश के लिए वर्षा का विस्तृत पूवार्नुमान जारी किया है। इस अवधि में देश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है, विशेष रूप से पश्चिम, उत्तर-पश्चिम, पूर्व, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में। विभाग ने कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा (>20 सेमी/24 घंटे) की संभावना जताई गई है।
पश्चिम भारत के कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात क्षेत्र में 24 जून को अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, 24 से 30 जून के बीच कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ में भी भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान है। इस दौरान इन क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में 24 से 30 जून तक पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। 25 से 27 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी भारी वर्षा का अनुमान है। उत्तराखंड में 24 से 27 जून के बीच बहुत भारी वर्षा हो सकती है, वहीं पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई दिनों तक भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पूर्वी और मध्य भारत में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 24 से 28 जून के बीच बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा की संभावना है। विदर्भ में 24 एवं 25 जून को, जबकि पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी इलाकों में 25 से 27 जून के दौरान तेज बारिश होगी।
टिप्पणियां