ओडिशा: तंत्र-मंत्र में व्यक्ति का सिर धड़ से किया अलग, 5 गिरफ़्तार
ओडिशा के बोलांगीर ज़िले में देवगांव पुलिस थाना क्षेत्र के बगदा गांव में एक 40 साल के व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया.
पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ़्तार किया है. मृतक की पहचान बोलांगीर ज़िले के तुसुरा पुलिस थाना क्षेत्र के तेबदमुंडा गांव के रहने वाले संतोष खारसेल के तौर पर हुई है. पुलिस का दावा है कि हत्याकांड को अंजाम पत्नी को वापस पाने के लिए दिया गया.
ये खबर भी पढ़े : राष्ट्रपति- पीएम समेत कई नेताओं ने पुण्यतिथि पर अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित कीबोलांगीर के एसपी जी. अभिलाष के मुताबिक मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू ने कथित तौर पर 18 अगस्त को संतोष को खाना खाने के बहाने अपने घर बुलाया था.
पुलिस को शक है कि संतोष के सो जाने के बाद, साहू और उसके कुछ साथियों ने उस पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी. जिसके बाद उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. जांचकर्ताओं को शक है कि यह अपराध नरबलि और तंत्र-मंत्र से जुड़ा हो सकता है.
हत्या के बाद आरोपी संतोष के शव को गांव के बाहर ले गए और एक तालाब में फेंक दिया. जबकि उसका कटा हुआ सिर साहू के घर के पूजा कक्ष में छिपाकर रखा गया था.
गुरुवार को स्थानीय लोगों ने तालाब के पास बिना सिर वाला शव देखा और पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संतोष को आखिरी बार शत्रुघ्न साहू के साथ देखा गया था. इस जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम साहू के घर पहुंची. उस समय साहू कथित तौर पर घर के अंदर ध्यान (मेडिटेशन) कर रहा था.
शुरुआती पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद संतोष की हत्या की गई थी. हालांकि, आगे की पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि संतोष का कटा हुआ सिर पूजा कक्ष में छिपाया गया था.
इसके बाद आरोपी पुलिस को उस जगह ले गया जहां सिर दबाया गया था. पुलिस ने उस जगह की खुदाई की और संतोष का कटा हुआ सिर बरामद किया. अपराध में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार हथियार भी ज़ब्त किया गया है.
पुलिस ने हत्या के मामले में मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू समेत 5 लोगों को गिरफ़्तार किया है. साहू की मां, भाई और भाभी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, क्योंकि जांचकर्ता घटनाक्रम का पूरा ब्योरा पता लगाने और यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इसमें और लोग भी शामिल थे.
जांच के अनुसार साहू की पत्नी पिछले करीब 10 सालों से अपने बेटे और बेटी के साथ उससे अलग रह रही थी. पुलिस को शक है कि उसके तंत्र-मंत्र या जादू-टोने में शामिल होने की वजह से ही परिवार उससे दूर रहा होगा.
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या कथित मानव बलि की योजना साहू ने अकेले बनाई थी या इसमें किसी और की भी मदद ली थी.
SP अभिलाष ने बताया कि मुख्य आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के घर से पीड़ित का कटा हुआ सिर भी बरामद किया है और जांच के तहत घटनाक्रम को फिर से दोहराकर (री-कंस्ट्रक्शन) जांच की है.
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
