तमिलनाडु: विवादित बयान के बाद डीएमके विधायक मार्कंडेयन गिरफ्तार, समर्थकों का प्रदर्शन
पुलिस ने तड़के घर पहुंचकर की कार्रवाई
तूतीकोरिन (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के विलाथिकुलम से डीएमके विधायकमार्कंडेयनको आज तड़के पुलिस ने नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया ।
उनकी गिरफ्तारी तूतीकोरिन के कोविलपट्टी में डीएमके की आमसभा में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी के संदर्भ में की गई है।
डीएमके विधायक मार्कंडेयन की गिरफ्तारी से डीएमके सकते में है। कुछ दिन पहले कोविलपट्टी के पास डीएमके की ओर से मतदाताओं को धन्यवाद देने के लिए एक आमसभा आयोजित की गई थी।
इस सभा में डीएमके के आर. एस. भारती, पूर्वमंत्री तथा वर्तमान विधायक सहित कई नेता शामिल हुए थे। कहा जा रहा है कि इस आमसभा में मंच से मार्कंडेयन ने मुख्यमंत्री विजय के बारे में धमकी भरे लहजे में कुछ विवादित शब्दों का प्रयोग किया।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि, “भ्रष्टाचार का पूरा स्वरूप तमिलनाडु के मुख्यमंत्री हैं।” विधायक की इस टिप्पणी से तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया।
इसके बाद टीवीके के तूतीकोरिन जिला पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मार्कंडेयन के विरुद्ध मानहानि और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आज तड़के 50 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ अधिकारी विलाथिकुलम स्थित मार्कंडेयन के घर पहुंचे। उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मार्कंडेयन की गिरफ्तारी की सूचना पर उनके घर के सामने बड़ी संख्या में डीएमके पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हो गए।
जब पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए तूतीकोरिन एसपी कार्यालय ले जाने लगी, तब उनके समर्थकों ने पुलिस वाहन का घेराव कर किया। समर्थकों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
