लखनऊ। राजधानी में ऑक्सीटोसिन में फिनाइल ,विनेगर और नमक मिलाकर नकली ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन तैयार किया जा रहा था। इसके लिए कच्चा माल चाइना से तस्करी कर लाया जाता था। जो बिहार और यूपी के लोनी कटरा से प्रदेश में दाखिल होता था। रविवार यूपी एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बेचने वाले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की खेप बरामद हुई है। यूपीएसटीएफ के मुताबिक़ इस पूरे माल की बाज़ारू कीमत लगभग एक करोड़ रूपये है।

एसटीएफ के मुताबिक़ बिहार राज्य से अवैध रूप से आक्सीटोसीन इंजेक्शन की तस्करी करने वाले दो शातिर तस्करों के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थी। जिसे लेकर एसटीएफ की विभिन्न टीमों को लगाया गया था। यह कार्रवाई डिप्टी एसपी एसटीएफ दीपक कुमार सिंह द्वारा की जा रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग गिरोह बनाकर भारी मात्रा में अवैध आक्सीटोसीन इंजेक्शनों को तस्करी के माध्यम से मंगा कर उसमें मिलावट करके लखनऊ एवं आस-पास के जनपदों में अवैध रूप से सप्लाई करते है, जो कि जानवरों सहित जन-मानस के लिए भी बहुत ही घातक है।
एसटीएफ की जानकारी मिली कि गिरोह ने गोमतीनगर के उजरियांव गांव के एक मकान में भारी मात्रा में अवैध आक्सीटोसीन इंजेक्शन बनाई जा रही है। सूचना पर एसटीएफ टीम द्वारा स्थानीय पुलिस व औषधि विभाग से सम्पर्क कर छापा मारा गया। इस दौरान टीम को भारी मात्रा में अवैध ऑक्सीटोसिन के साथ दो व्यक्तियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ पर बताया कि इनका एक गिरोह है, जो लखनऊ एवं आस-ंपास के जनपदों में अवैध रूप से आक्सीटोसीन इंजेक्शन की सप्लाई करता है। यह लोग आक्सीटोसीन पाउडर व पैकिंग का सामान बिहार राज्य व गाजियाबाद से मंगा कर उसे अपने हिसाब से अलग-अलग साइज के एम्पुल में पैक करके उसकी सप्लाई लखनऊ एवं आस-पास के जनपदों में करते है।
अवैध आक्सीटोसीन इंजेक्शन की बिहार राज्य से सप्लाई करने वालों के बारे में जानकारी की जा रही है। गिरफ्तार किये गए आरोपियों में अलीगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला कय्यूम अली जबकि दूसरा आरोपी मदेयगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला इब्राहिम है। आरोपियों के पास से 1018 शीशी आक्सीटोसीन इंजेक्शन,70 लीटर आक्सीटोसीन (05 लीटर के 14 गैलन),55 लीटर फिनाइल,27 लीटर विनेगर,16,500 खाली शीशी,9 कैप सीलर,तीन हजार एल्यूमिनियम कैप (नीला कलर),3 हजार एल्यूमिनियम पैक (लाल कलर), ढाई हजार रबर कैप,19 किग्रा नमक,1 फोन पे स्कैनर,तीन मोबाइल फोन,790 रूपये नगद बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।