बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने रचाई तीसरी शादी, गौरी स्प्रैट संग लिए सात फेरे
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने अपनी लंबे समय की पार्टनर गौरी स्प्रैट से रविवार को एक निजी समारोह में शादी कर ली। दोनों ने मुंबई के बांद्रा स्थित आमिर के घर पर परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में नई जिंदगी की शुरुआत की। अभिनेता के प्रवक्ता ने भी दोनों की शादी की पुष्टि की है।
शादी का समारोह बेहद सादगीपूर्ण रखा गया। इसमें आमिर के परिवार के अलावा उनके बच्चे जुनैद खान, इरा खान और करीबी दोस्त शामिल हुए। फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारीकर, अभिनेता इरफान पठान, वीर दास, एली अवराम और राज ठाकरे भी समारोह में पहुंचे।
25 साल पुरानी पहचान बनी जीवनसाथी का रिश्ता
आमिर खान और गौरी स्प्रैट की पहली मुलाकात करीब 25 साल पहले हुई थी। हालांकि दोनों की राहें अलग हो गई थीं, लेकिन 2024 में बेंगलुरु में दोबारा मुलाकात के बाद दोनों एक-दूसरे के करीब आए। लगभग एक साल तक लॉन्ग-डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहने के बाद आमिर ने मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी को सार्वजनिक रूप से अपनी पार्टनर के रूप में परिचित कराया था।
बाद में गौरी अपने बेटे के साथ मुंबई आ गईं और पिछले एक साल से दोनों साथ रह रहे थे। गौरी अब आमिर खान प्रोडक्शंस के कामकाज में भी उनकी मदद करती हैं।
रजिस्टर्ड मैरिज के बाद रखा गया निजी समारोह
आमिर खान ने पहले ही बताया था कि शादी बेहद निजी होगी। उन्होंने कहा था कि यह रजिस्टर्ड मैरिज होगी और इसके बाद केवल परिवार और पुराने दोस्तों के बीच छोटा-सा समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी वजह से शादी में सीमित मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया।
यह आमिर खान की तीसरी शादी है। उनकी पहली शादी रीना दत्ता से 1986 में हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद और इरा हैं। इसके बाद उन्होंने 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। दोनों का एक बेटा आजाद है। 2021 में अलग होने के बावजूद आमिर और किरण आज भी अपने बेटे की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं और कई प्रोजेक्ट्स पर साथ काम भी करते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गर्गी विश्वकर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़ी हैं और डिजिटल डिप्टी चीफ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। वह डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्पष्ट, तथ्यपरक और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करती हैं।
