विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा कबरई सीएचसी

विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा कबरई सीएचसी

महोबा। जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निर्धारित पदों के सापेक्ष डॉक्टर की तैनाती ना होने कारण आने वाले मरीजों को रेफर किया जाता है। करोड़ों का राजस्व देने वाली पत्थर मंडी के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाला केंद्र संसाधनों के अभाव में खुद बीमार है।जनपद के कबरई कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण आने वाले मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। रात में अधिकांश समय डॉक्टर ना मिलने के कारण मरीजों को बैरंग लौटना पड़ता है।

सिजेरियन और एनेस्थीसिया के विशेषज्ञ ना होने के कारण गर्भवती महिलाओं को ऑपरेशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जबकि कस्बे से कानपुर सागर और झांसी मिर्जापुर, दो राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं जिनमें सड़क दुर्घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। सीएचसी में तैनात डॉ ईश्वर चंद्र प्रजापति का पनवाड़ी स्थानांतरण हो गया है। बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन और अन्य विशेषज्ञों की लम्बे समय से यहां पर तैनाती नहीं हुई है। फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी से लगातार केंद्र में स्वास्थ्य सेवा बाधित हो रही है। एक दिन में लगभग दो से तीन सैकड़ा मरीज यहां उपचार कराने के लिए पहुंचते हैं।

कबरई कस्बा निवासी पंकज सिंह का कहना है कि पत्थर उद्योग नगरी से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। इसके बाद भी यहां की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सरकार द्वारा भारी बजट खर्च करने के बाद भी यहां की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हो पा रहा है। नगर में कोई बड़ा प्राइवेट अस्पताल भी नहीं है। सम्पन्न लोग महानगरों में अपना उपचार कराने के लिए चले जाते हैं। जबकि गरीब लोगों को यहीं पर समस्याओं से जूझना पड़ता है।

Tags: Mahoba

About The Author

Latest News