युवाओं को मिलेगा एआई कौशल प्रशिक्षण और रोजगार
मेगा जॉब मेला का आगाज
लखनऊ। युवाओं को रोजगार, कौशल और आत्मनिर्भर बनाने को गति देते हुए सोमवार को आईबीएम इंडिया सीएसआर के सहयोग से मेगा जॉब मेला का आयोजन किया गया। इस मेले में दुनिया की नामचीन कई कंपिनयां आयी है जो यहां पर दो हजार से अधिक लोगों को रोजगार देंगी।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में में आयोजित इस मेले का शुभारंभ करते हुए व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने यूपी कौशल विकास मिशन एवं कइट के मध्य समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान हुआ। इसके माध्यम से प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डिजिटल स्किल्स, इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रशिक्षण तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों का विस्तार कर लाखों युवाओं को दक्ष बनाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि आज का युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों का है। ऐसे में युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित न रहकर नई तकनीकों, डिजिटल कौशल, प्रभावी संवाद क्षमता और आत्मविश्वास पर भी ध्यान देना होगा। बदलती तकनीक के साथ स्वयं को निरंतर अपडेट करने वाले युवा ही भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करेंगे। किसी भी नौकरी को छोटा न समझें, पूरी लगन, अनुशासन और ईमानदारी से कार्य करें। जो व्यक्ति अपने कार्य से संस्थान की आवश्यकता बन जाता है, उसके लिए आगे बढ़ने के अवसर स्वयं बनते हैं।
मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाएं और कौशल प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाएं। निजी क्षेत्र में प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर तेजी से आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं तथा सरकार युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए लगातार ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और उद्यमशीलता को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता के अनुरूप प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराकर 'विकसित उत्तर प्रदेश' और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करना है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव कौशल विकास डॉ हरीओम, निदेशक पुलकित खरे, अपर निदेशक पूजा मिश्रा सहित कई अधिकारी एवं हजारों प्रतियोगी युवा मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
