Uber ने भारत में लॉन्च किए नए सेफ्टी फीचर्स, अब मिलेगी एम्बुलेंस सहायता और वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा
नई दिल्ली, 30 जून 2026। राइड-हेलिंग कंपनी Uber ने भारत में यात्रियों और ड्राइवरों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई नए सेफ्टी फीचर्स लॉन्च किए हैं। इनमें एन्क्रिप्टेड वीडियो रिकॉर्डिंग, एम्बुलेंस सहायता, सीटबेल्ट रिमाइंडर और बेहतर सुरक्षा टूल्स शामिल हैं। इनकी घोषणा नई दिल्ली में आयोजित कंपनी की वार्षिक 'Uber सुरक्षित 2026' कॉन्फ्रेंस में की गई।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उबर इंडिया एवं दक्षिण एशिया के अध्यक्ष प्रभजीत सिंह समेत कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अब वीडियो के साथ रिकॉर्ड होगी पूरी राइड
Uber के 'Record My Ride' फीचर को अपग्रेड किया गया है। पहले इसमें केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा थी, लेकिन अब यूजर चाहें तो वीडियो रिकॉर्डिंग भी ऑन कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार, एक बार यह फीचर सक्रिय करने पर हर ट्रिप के दौरान रिकॉर्डिंग अपने-आप शुरू हो जाएगी। वीडियो पूरी तरह एन्क्रिप्टेड (सुरक्षित रूप से लॉक) रहेगा और केवल किसी सुरक्षा शिकायत या जांच की स्थिति में ही Uber इसे डिक्रिप्ट कर सकेगा।
24×7 सेफ्टी लाइन में मिलेगी एम्बुलेंस सहायता
Uber ने अपनी 24×7 सेफ्टी हेल्पलाइन में एम्बुलेंस सहायता भी जोड़ दी है। यदि किसी यात्री को मेडिकल इमरजेंसी होती है, तो वह ऐप के जरिए सीधे एम्बुलेंस बुला सकेगा। कंपनी का दावा है कि एम्बुलेंस का औसत प्रतिक्रिया समय 15 मिनट से कम रखने का लक्ष्य है।
PIN वेरिफिकेशन और सीटबेल्ट रिमाइंडर
नए अपडेट के तहत यूजर अब अपनी सुरक्षा के लिए वेरिफिकेशन PIN सेट कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उसे बदल भी सकेंगे। इसके अलावा ऐप में नए सीटबेल्ट रिमाइंडर और ड्राइविंग के दौरान टाइपिंग से बचने के लिए इन-ऐप अलर्ट भी दिए जाएंगे। यह फीचर Uber के पहले से मौजूद हेलमेट सेल्फी वेरिफिकेशन और हेलमेट रिमाइंडर जैसी सुविधाओं को और मजबूत करेगा।
नितिन गडकरी ने सड़क सुरक्षा पर जताई चिंता
कार्यक्रम में बोलते हुए नितिन गडकरी ने वर्ष 2001 की एक सड़क दुर्घटना का जिक्र किया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। उन्होंने कहा कि भारत में सड़क सुरक्षा की सबसे बड़ी चुनौती लोगों का व्यवहार है। `
उन्होंने कहा कि गलत दिशा में वाहन चलाना, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना और बच्चों के साथ लापरवाही से सड़क पार करना जैसी आदतों में बदलाव लाना बेहद जरूरी है।
सुरक्षा से समझौता नहीं: प्रभजीत सिंह
Uber India एवं South Asia के प्रेसिडेंट प्रभजीत सिंह ने कहा कि सुरक्षा के मामले में कोई अंतिम सीमा नहीं होती। उन्होंने कहा कि कई बार सुरक्षा के लिए ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं जो अल्पकाल में कारोबार के लिए कठिन लग सकते हैं, लेकिन कंपनी के लिए यात्रियों और ड्राइवरों की सुरक्षा हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि Uber द्वारा पेश किए गए कई सुरक्षा फीचर्स बाद में पूरे उद्योग के लिए मानक बन जाते हैं।
'Uber सुरक्षित 2026' सम्मेलन में सरकारी अधिकारियों, उद्योग विशेषज्ञों और विभिन्न साझेदारों ने सड़क सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा, गिग वर्कर्स के कल्याण, किशोरों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गर्गी विश्वकर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़ी हैं और डिजिटल डिप्टी चीफ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। वह डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्पष्ट, तथ्यपरक और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करती हैं।
