आगरा में सड़क हादसे के बाद बवाल: युवक की मौत पर भड़के ग्रामीण, पुलिस पर पथराव, 11 पुलिसकर्मी घायल
आगरा। आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और बाद में पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में एक इंस्पेक्टर समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। करीब साढ़े तीन घंटे तक फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद के पूठपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार थार कार ने बाइक समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मनीष (22) पुत्र सामलिया निवासी खासपुर, बहादुरपुर, दयालबाग की मौत हो गई। वहीं स्कूटर सवार सुभाष, विवेक और कालू घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मृतक मनीष कपड़ों की दुकान पर काम करता था। उसकी शादी इसी वर्ष फरवरी में फिरोजाबाद के गढ़ी तिवारी गांव में हुई थी। वह अपनी ससुराल पक्ष से जुड़े एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने फतेहाबाद के पिन्नापुरा गांव आया था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि जिस घर में शादी का कार्यक्रम था, वहां भी खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने थार चालक को मौके से भागने का मौका दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और बताया कि दुर्घटना में शामिल थार वाहन को पास के एक पेट्रोल पंप पर खड़ा कर दिया गया है तथा उसे सीज किया जाएगा।
इसके बावजूद ग्रामीण शांत नहीं हुए। पुलिस ने वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को वाहन दिखाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंप पहुंच गए। वहां थार कार में तोड़फोड़ की गई। कुछ लोग वाहन को आग लगाने का प्रयास भी करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
अचानक हुए पथराव से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं और उन्हें अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
पथराव की घटना में क्राइम इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम पाल, चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक अखिलेश, धीरेंद्र यादव, आकाश कुमार, अनुज कुमार, महिला सिपाही वर्षा और अनुराधा, उपनिरीक्षक केशव दयाल, सिपाही मयंक और पीयूष घायल हो गए। कई पुलिसकर्मियों के सिर में चोटें आईं। बताया जा रहा है कि अधिकांश पुलिसकर्मी बिना हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों के मौके पर पहुंचे थे।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
हंगामे के कारण फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर करीब साढ़े तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट कर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। उजावली गांव और भोलपुरा रोड के रास्ते वाहनों को निकाला गया।
फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूठपुरा गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसे और उसके बाद हुए उपद्रव दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
