तुर्क की तुर्कियत नहीं चल सकती, अब सम्भल में वही होगा जो हरि हर मंदिर का आदेश होगा : योगी
-बरेली के एक मौलवी बहुत मचल रहे थे कैसा उपचार हुआ आपने देखा ही होगा : मुख्यमंत्री
-68 तीर्थ को अपवित्र किया गया और 19 कूपों पर कब्जा किया गया है। सम्भल के अस्तित्व के साथ खिलवाड़ किया गया है : याेगी
संभल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को संभल के दौरे पर पहुंचे । यहां उन्होंने 569 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर आयाेजित सभा में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए और कहा प्रदेश में कानून व्यवस्था से काेई खिलवाड़ करेगा ताे उसे ठीक कर दिया जाएगा। बरेली के एक मौलवी बहुत मचल रहे थे कैसा उपचार हुआ आपने देखा ही होगा हमने कहा है कि माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे और अब माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का काम हो रहा है। उन्हाेंने कहा कि अब तुर्क की तुर्कियत नहीं चल सकती अब सम्भल में वही होगा जो हरि हर मंदिर का आदेश होगा।
शनिवार अपराह्रन लगभग 4 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर संभल के जिला मुख्यालय बहजोई के नजदीक गांव फत्तेहपुर शरीफनगर में स्थित इंट्रीग्रेटेड मुख्यालय भवन के मैदान पर पहुंचा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश सरकार के सहकारिता राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह समेत भाजपा के कई नेता पहुंचे। अपने इस दौरे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की संभल और चंदाैसी विधानसभा क्षेत्र की की 569 करोड़ की 66 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी की चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में नृत्य मुद्रा में स्थित 145 फ़ीट की एशिया की सबसे ऊँची गणेश प्रतिमा एवं रामबाग धाम में बनी भगवान राम की प्रतिमा का भी वर्चुअल माध्यम से अनावरण किया।
इस अवसर पर आयाेजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज मुझे चन्दौसी की 145 फुट ऊँची गणेश जी की प्रतिमा का ओर 51 फुट ऊंची भगवान श्री राम की प्रतिमा का अनावरण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ । यह संभल भगवान श्री हरि विष्णु की पावन धरा है । 599 वर्ष पहले 1526 में विदेशी आक्रांताओं ने इसे अपवित्र किया । विदेशी आक्रांता जब भी आते हैं, केवल खजाना ही नहीं लूटते अपितु धर्म और संस्कृति को खत्म करते है। यह पाप यहां किया गया है । पवित्र हरिहर मंदिर को तोड़ा गया है । 68 तीर्थ को अपवित्र किया गया और 19 कूपों पर कब्जा किया गया है। सम्भल के अस्तित्व के साथ खिलवाड़ किया गया है। 1976 ओर 1978 में यहां दंगे हुए सैकड़ों निर्दोष लोगों को मारा गया लेकिन किसी को सजा नहीं मिली। आक्रांताओं की गुलामी का खामियाजा क्या होता है । अब डबल इंजन की सरकार में 68 तीर्थ के पुनरुद्धार ओर 19 कूपों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। साथ ही 24 कोसीय परिक्रमा के लिए भी धनराशि आवंटित की गई है ।
उन्हाेंने कहा कि संभल में 10 हजार एकड़ की जमीन पर कब्जा किया गया था । कभी सपाई ओर पापियों की सरकार थी इसका दुष्परिणाम यहाँ की गरीब जनता भुगत रही थी लेकिन अब जमीन काे यहां के दलित , गरीबों को बांटी गई है। उस समय कांग्रेस ओर सपा की सरकार ने उस लैंड के रिकॉर्ड को भी नष्ट किया लेकिन रिकॉर्ड को नष्ट किया जा सकता है सत्य को नष्ट नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा को रोका जाता था , रामनवमी की शोभा यात्रा को रोका जाता था । दुर्गा जी की यात्रा को रोका जाता था इन गुलामों से ओर क्या उम्मीद कर सकते हैं इन्हें विरासत से क्या लेना देना इन्हें हर कीमत पर सत्ता चाहिए लानत है इन पर यह गरीब का अपमान करते थे । 2017 से पहले सम्भल का नाम लेने की कोई हिम्मत नहीं करता था एक तुर्क यहां आकर टोपी आँख पर लगा कर अपने को बाबर का वंशज कह कर भारत ओर भारतीयों का अपमान करता था । अब तुर्क की तुर्कियत नहीं चल सकती अब सम्भल में वही होगा जो हरि हर मंदिर का आदेश होगा । अब जो आपकी जमीन पर कब्जा करने का काम करेगा उसके जिन्न से भी 100 साल बाद उसकी कब्र से निकालने का काम करेंगे ।
उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस की सरकार को सपा ने उनके साथ गाहे - बगाहे समर्थन दिया उनके प्रधानमंत्री कहते थे कि जब हम 100 रुपए भेजते हैं तो जनता पर 15 रुपए पहुंचते हैं। 85 रुपए दलाल कब्जा कर लेते हैं । उन 85 रुपयों पर डकैती पड़ती थी गरीब के राशन की , छात्रों की छात्रवृत्ति की, दिव्यांगों के पैसे की , बेटियों की शादी का पैसा हजम कर जाते थे लेकिन आज मोदी जी ओर योगी जब बटन दबाते है तो 100 रुपए उसके सीधे खाते में जाते है और आज कोई भी यदि हिस्सा लेने का काम करता है तो सीधा जेल जाने का काम करता है। कांग्रेस की सरकार में सम्भल का कुख्यात इतिहास रहा है। 1978 में कितना बड़ा दंगा हुआ था आज नो दंगा नो कर्फ्यू , आज न कर्फ्यू है न दंगा है संभल में चंगा है ।
मुख्यमंत्री याेगी ने आगे कहा कि आज बेटी की सुरक्षा में जो कोई सेंध लगाएगा वो या तो जेल में होगा यह जहन्नम में तीसरी जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले ऐसी सरकार थी जो गरीब , दलित , वंचित ओर पिछड़ों के बारे में सोचती ही नहीं थी उस सरकार के मुखिया 12 बजे सोकर उठते थे , 2 बजे तैयार होते थे , 5 बजे जिम जाते थे , 7 बजे जिम से वापस आते थे फिर उनकी महफिल जमती थी । दंगाइयों को मुख्यमंत्री के आवास पर बुला कर सम्मानित किया जाता था लेकिन पिछले 9 साल में कोई दंगा नहीं हुआ है। बरेली के एक मौलवी बहुत मचल रहे थे कैसा उपचार हुआ आपने देखा ही होगा । हमने कहा है माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे अब माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का काम हो रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
