कौशाम्बी में ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पर गूंजा राष्ट्रगीत, हजारों विद्यार्थियों ने किया सामूहिक गायन
एबीवीपी का 10 दिवसीय अभियान शुरू, जिले के सभी कॉलेजों में होंगे कार्यक्रम

कौशाम्बी। जिले में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा जिले भर में व्यापक अभियान की शुरुआत की गई। इस क्रम में दुर्गा देवी इंटर कॉलेज ओसा एवं बैजनाथ अंबिका प्रसाद मिश्र इंटर कॉलेज टेवां में हजारों छात्र-छात्राओं और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने एक साथ ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन कर देशभक्ति का संदेश दिया।यह विशेष अभियान 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक जनपद के सभी कॉलेजों में संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिला संयोजक शिवांशु शुक्ला ने बताया कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विद्यार्थी परिषद देशभर के कॉलेज परिसरों में सामूहिक गायन का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के समय भी परिषद ने ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रीय गीत घोषित किए जाने की मांग उठाई थी। उनका कहना था कि संगठन का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रवाद की भावना विकसित करना और उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है, जिसके लिए परिषद समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है।वहीं, टेवा नगर अध्यक्ष राहुल मिश्रा ने ‘वंदे मातरम’ के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके मूल और विकास को समझना आवश्यक है। यह गीत साहित्य, राष्ट्रवाद और स्वतंत्रता संग्राम की चेतना को जोड़ने वाला माध्यम रहा है। एक कविता से राष्ट्रीय गीत बनने तक का इसका सफर भारतीय जनमानस की जागृति का प्रतीक है।इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री अश्वनी कुमार सिंह, दुर्गा देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य चुन्नीलाल, प्रवक्ता बच्चा लाल चौधरी, पंकज सोनकर, मंझनपुर तहसील संयोजक सुशील कुमार सोनकर एवं तहसील सह संयोजक दिव्यांश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
