प्रेम प्रसंग में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, युवती ने पहले किया था आत्महत्या का प्रयास
परिजनों ने लगाया सिंगाही पुलिस पर 40 हजार रुपए लेने का आरोप
शहनूर अली
निघासन-खीरी,13 जुलाई(तरुणमित्र)। निघासन और सिंगाही थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। प्रेम संबंधों में उपजे विवाद के बीच पहले युवती ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया, तो वही कुछ दिन बाद युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद मृतक विनीत के परिवार और गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, प्रीतम पुरवा निवासी 19 वर्षीय विनीत का नौरंगाबाद गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच कुछ दिन पहले सिंगाही थाने में समझौता भी हुआ था। पीड़ित के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा पुलिस और सिंगाही थाना प्रभारी ने उनसे 40 हजार रुपए भी लिया था इसी बीच कुछ दिन बाद युवती पक्ष ने दुबारा निघासन कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।
मृतक के पिता बलराम मौर्य का आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिस ने उनको और उनके बेटे को कोतवाली बुलाया था, और कहा था कि पचास हजार रुपए लेकर कोतवाली आना जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया। उनका कहना है कि रविवार को समझौते की बात चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही विनीत ने गांव के बाहर एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पीड़ित ने पुलिस पर 40 हजार रूपए लेने का लगाया आरोप
पिता बलराम ने सिंगाही थाना पुलिस और थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि समझौते के नाम पर उनसे 40 हजार रुपये लिए गए। और कहा गया था कि अगर रुपए नहीं दे पाओगे तो परिवार को कार्रवाई की धमकी दी गई थी । परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है।
बताया जा रहा है कि करीब दो सप्ताह पहले युवती ने भी प्रेमी से अलग होने की आशंका में कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया था।
उधर, प्रभारी निरीक्षक अवधराज सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों के विरुद्ध शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
