सिपाही युवती से कर रहा था छेड़छाड़, विरोध पर छत से नीचे फेंका!
रीढ़ की हड्डी टूटी, बीबीडी थाना क्षेत्र का मामला
लखनऊ। बीबीडी थाना क्षेत्र में 16 साल की लड़की को छत से धक्का दे दिया गया। लड़की के परिवारवालों का आरोप है कि सिपाही दंपती ने बेटी को नीचे फेंका है। उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई है। उसका गंभीर स्थिति में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। लड़की की मां का कहना है कि सिपाही मुकेश यादव बेटी के साथ छेड़खानी करता था। उन्होंने इसका विरोध किया तो उसने गालियां देते हुए मेरे पति को जान से मारने की धमकी दी। अपनी पत्नी सिपाही कुमकुम और साले अंकित यादव के साथ मिलकर पति और बेटी के साथ मारपीट की।
युवती की मां का कहना है जब उन्होंने बीच-बचाव किया, तो तीनों ने मिलकर उन्हें भी पीटा। उनकी बेटी को छत से नीचे फेंक दिया। मां ने घटना की शिकायत बीबीडी थाने में की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की है। बीबीडी थाना क्षेत्र में पीड़िता और सिपाही का परिवार एक ही मकान में किराए पर रहता है। लड़की की मां का आरोप है कि सिपाही मुकेश यादव कई दिनों से बेटी से छेड़खानी कर रहा था। उसकी नीयत गलत थी। बेटी ने उन्हें इस बारे में बताया। इस पर मां ने मुकेश की पत्नी से इसकी शिकायत की। इसके बाद सिपाही भड़क गया और उसने बेटी को छत से फेंक दिया। इसके बाद परिवारवालों ने बेटी को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि मरीज की रीढ़ की हड्डी टूट गई है। वह खड़ी नहीं हो पा रही है। चलने-फिरने में असमर्थ है। मां ने बताया कि अब भी सिपाही उनके परिवार को धमका रहा है। मुकेश यादव डायल-112 में तैनात है।
इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। लड़की ने बताया कि सिपाही मुकेश 2-3 महीने से मेरे साथ बदतमीजी कर रहा था। उसकी पत्नी से शिकायत की, तो उसने सबूत मांगा। सोमवार शाम को सिपाही की पत्नी ने मां से आकर बहस की। उसके बाद सिपाही ने गाली-गलौज की। कुछ देर बाद मां पापा को नीचे गेट तक छोड़ने चली गईं। इस बीच सिपाही अपनी पत्नी के साथ ऊपर हमारे कमरे में आया। उसकी पत्नी ने गाली-गलौज करके मुझे कई थप्पड़ मारे।
फिर घर की दूसरी मंजिल की छत से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद सिपाही अपनी पत्नी और साले के साथ भागने लगे। तभी मेरे भाई ने मेरी चीख सुनी। उसने शोर मचाया। मम्मी-पापा ने सिपाही को रोकने की कोशिश की, तो उनके साथ मारपीट की। बाद में फिर से मेरी पिटाई की।
टिप्पणियां