मौसम बदलते ही बढ़ा मच्छरों का प्रकोप, डेंगू-मलेरिया का खतरा, सतर्क रहने की अपील
डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ा
मोहम्मद अय्यूब
- स्वास्थ्य विभाग ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील
उतरौला(बलरामपुर)। बरसात के बाद मौसम में नमी और जगह-जगह जमा पानी के कारण जिले में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।
चिकित्सकों का कहना है कि गड्ढों, नालियों, कूलरों, खाली टायरों और खुले बर्तनों में ठहरा पानी मच्छरों के पनपने के लिए सबसे मुफीद जगह है। इसी वजह से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
डॉक्टरों ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए घर और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर और पानी की टंकियों की हर सप्ताह सफाई करें। रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें और शाम के समय पूरे कपड़े पहनें।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांवों और वार्डों में फॉगिंग के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास साफ-सफाई रखें। विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते सावधानी बरतने और स्वच्छता अपनाने से मच्छरों के बढ़ते खतरे को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
