KGMU में फर्जी संस्थान के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, MBBS छात्रों को भी बना रहा था निशाना
“कार्डियो सेवा संस्थान” के नाम पर मरीजों से वसूली, फर्जी नोटिस जारी कर छात्रों को गुमराह करने का खुलासा
लखनऊ। केजीएमयू परिसर में मरीजों और तीमारदारों से ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को थाना चौक पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी “कार्डियो सेवा संस्थान” नामक कथित ट्रस्ट के जरिए लोगों से अवैध धन वसूली कर रहा था।यह कार्रवाई लखनऊ के थाना चौक पुलिस द्वारा की गई, जिसके बाद पूरे मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
प्रॉक्टर कार्यालय की सूचना पर कार्रवाई
21 अप्रैल 2026 को केजीएमयू के प्रॉक्टर कार्यालय से चीफ प्रॉक्टर प्रो. आर.एस. कुशवाहा द्वारा थाना चौक को लिखित सूचना दी गई थी कि हस्साम अहमद नामक व्यक्ति विश्वविद्यालय परिसर में धोखाधड़ी और जालसाजी कर रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू की गई।
ये खबर भी पढ़े : व्हाट्सएप पर बेटे बनकर अकाउंटेंट से 18 लाख की साइबर ठगी, लखनऊ पुलिस ने 6 लाख रुपये वापस कराए, 5.50 लाख फ्रीजमरीजों से ठगी, फर्जी ट्रस्ट का खेल
जांच में सामने आया कि आरोपी “कार्डियो सेवा संस्थान” नाम से एक फर्जी संस्था चलाकर अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को झांसा देता था। वह इलाज में मदद के नाम पर उनसे अवैध रूप से पैसे वसूलता था।
फर्जी हस्ताक्षर से जारी किया नकली नोटिस
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने 13 अप्रैल 2026 को सर्जरी विभाग के प्रोफेसर और डीन पैरामेडिकल डॉ. के.के. सिंह के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर एमबीबीएस 2023 बैच के छात्रों के नाम एक नकली नोटिस जारी किया था।इस नोटिस में 29 अप्रैल को एम्स दिल्ली में होने वाली कथित कॉन्फ्रेंस में भाग लेने की बात कही गई थी, जो पूरी तरह झूठी निकली।
छात्राओं को बहाने से बाहर ले जाने की साजिश
आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में कई संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि वह एमबीबीएस छात्राओं को कॉन्फ्रेंस के नाम पर दिल्ली या अन्य स्थानों पर ले जाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस इसे गंभीर आपराधिक षड्यंत्र मानकर जांच कर रही है।
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हस्साम अहमद (उम्र लगभग 26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सिद्धार्थनगर का रहने वाला है और वर्तमान में लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में रह रहा था।
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चौक में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
मुख्य बिंदु
KGMU परिसर से आरोपी गिरफ्तार
“कार्डियो सेवा संस्थान” के नाम पर ठगी
मरीजों और तीमारदारों को बनाता था शिकार
फर्जी नोटिस से MBBS छात्रों को किया गुमराह
छात्राओं को बाहर ले जाने की साजिश का शक
पुलिस कर रही गहन जांच
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
