सहसवान: नशे में वीडियो वायरल होने पर कर समाहर्ता विपिन कुमार निलंबित
बदायूं। नगर पालिका परिषद सहसवान में तैनात कर समाहर्ता विपिन कुमार को सोशल मीडिया पर कथित रूप से नशे की हालत में अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने तथा अशोभनीय/अश्लील इशारे करने का वीडियो वायरल होने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अधिशासी अधिकारी ने इस संबंध में निलंबन आदेश जारी करते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर वायरल वीडियो में कर समाहर्ता विपिन कुमार प्रथम दृष्टया नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि वीडियो में वह अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के साथ अशोभनीय एवं अश्लील इशारे करते नजर आ रहे हैं। आदेश में कहा गया है कि एक सरकारी कर्मचारी के रूप में उनका यह आचरण पद की गरिमा, सेवा अनुशासन एवं मर्यादा के प्रतिकूल है, जिससे नगर पालिका परिषद की छवि भी प्रभावित हुई है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अधिकारी ने विपिन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा तथा बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर रोक रहेगी। साथ ही, अवर अभियंता संजय कुमार को मामले का जांच अधिकारी नामित किया गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
