विशेष योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित
— जश्न-ए-आजादी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में हुआ प्रोटोकॉल अभ्यास
— योग को जीवन का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में भारतीय आदर्श योग संस्थान एवं जश्न-ए-आजादी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार सुबह मोती महल वाटिका में विशेष योग प्रशिक्षण एवं प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी मुरलीधर आहूजा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित योग साधकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट की ओर से योगाचार्य कृष्ण दत्त मिश्रा को योग के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तन, मन और आत्मा के संतुलन का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त रखते हुए सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। इस मौके पर वेदव्रत वाजपेयी ने कहा कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा का वह अनमोल उपहार है जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन योग करने और इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुर्तुजा अली ने कहा कि योग किसी धर्म या वर्ग विशेष का विषय नहीं,बल्कि सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
