जेई की लापरवाही से रुका सड़क निर्माण पाइपलाइन न बिछने से जुगपुरा के लोग परेशान
अमृत योजना का कार्य अधर में, मोहल्लेवासियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
एडीएम नमामि गंगे के निर्देश के बाद भी नहीं हुआ मौका मुआयना
ललितपुर। नगर के वार्ड संख्या 8 स्थित जुगपुरा मोहल्ले में विकास कार्य एक जूनियर इंजीनियर (जेई) की कथित लापरवाही की भेंट चढ़ गया है। मां अहिल्याबाई बालिका इंटर कॉलेज के पीछे प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य पाइपलाइन न डाले जाने के कारण रुका हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र में सड़क निर्माण से पहले योजना के तहत पेयजल पाइपलाइन बिछाई जानी है, ताकि सड़क बनने के बाद उसे दोबारा खोदने की आवश्यकता न पड़े और क्षेत्रवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके। लेकिन संबंधित जूनियर इंजीनियर की उदासीनता के कारण अब तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिसके चलते सड़क निर्माण भी ठप पड़ा हुआ है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विगत दिनों अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) संजय मिश्रा ने संबंधित जेई वेदप्रकाश को तत्काल मौके का निरीक्षण कर पाइपलाइन बिछाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, लेकिन आरोप है कि निर्देशों के बावजूद जेई ने न तो मौके का निरीक्षण किया और न ही कार्य शुरू कराने में कोई रुचि दिखाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण कार्य रुका होने के कारण आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। बरसात के मौसम में रास्ता कीचडय़ुक्त हो जाता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन डाल दी जाती तो अब तक सड़क का निर्माण पूरा हो चुका होता। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित जूनियर इंजीनियर की कार्यशैली की समीक्षा करने तथा पाइपलाइन बिछाने का कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो विकास कार्य अनावश्यक रूप से और अधिक प्रभावित होगा तथा आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दिव्यांश शर्मा पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में ललितपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत ‘वॉयस ऑफ लखनऊ’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘दैनिक वृत्तांत’ सहित विभिन्न समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के पद पर कार्य करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
