कन्नौज में सड़क हादसा, तीन दोस्तों की मौत
जन्माष्टमी की झांकी देखकर लौट रहे युवकों की बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ही बाइक पर सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। शुक्रवार की रात तीनों युवक जन्माष्टमी की झांकी देखने के लिए अपने साथियों के साथ गुरसहायगंज नगर आए थे। वापस लाैटने के दाैरान यह हादसा हुआ है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की हैं।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के बैसनपुरवा गांव निवासी अनुराग (18), कृष्णा (15) और आशीष (18) आपस में दोस्त थे। जन्माष्टमी के अवसर पर तीनों साथियों के साथ गुरसहायगंज नगर में आयोजित झांकियां देखने पहुंचे थे। देर रात तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव की ओर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक डूंडवा बुजुर्ग बाईपास के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद माैके पर पहुंचे परिवार ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. ज्ञानेंद्र ने बताया कि तीनों युवकों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई थी। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये खबर भी पढ़े : साइबर अपराध की चुनौती से निपटने के लिए थाना दुधारा, मेंहदावल पर साइबर टीम का विशेष प्रशिक्षणगुरसहायगंज कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि घटना बीती रात एक बजे की है, जिसमें एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीन किशाेराें की मौत हो गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य माध्यमों से वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
