पीलीभीत में 10 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार
-10 हजार रुपये की रिश्वत लेते बीसलपुर तहसील के राजस्व निरीक्षक को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया
बरेली । भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली की टीम ने मंगलवार को पीलीभीत जिले की बीसलपुर तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, बीसलपुर के मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी रिंकू गंगवार ने शिकायत की थी कि उसकी जमीन की तूदाबंदी कराने और आख्या लगाने के एवज में राजस्व निरीक्षक हरिज्ञान सिंह 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में टीम ने ईदगाह चौराहा, बीसलपुर पर जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी हरिज्ञान सिंह निवासी अमलोनीपुर, थाना भुता (बरेली) हाल निवासी महेंद्र नगर, थाना बारादरी, बरेली, वर्तमान में तहसील बीसलपुर में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना सुनगढ़ी ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई और राजस्व निरीक्षक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में संगठन की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
