एसी में आराम फ़रमाया,फिर घर कर दिया साफ़
गाजीपुर थाना क्षेत्र का मामला
लखनऊ। गाजीपुर इलाके में दो चोरों ने बंद पड़े एक रिटायर्ड बैंककर्मी के घर में घुसे। उन लोगों ने पहले मैगी बनाई। फिर मटर की घुघरी बनाई। इसके बाद काफी देर तक मैगी पार्टी की। फिर दोनों चोरों ने कमरे का एसी चलाकर आराम किया। फिर आराम से घर का सामान समेटा और चले गए। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक़ गाजीपुर थाना क्षेत्र में इंदिरानगर सी-ब्लॉक में रिटायर्ड बैंककर्मी के घर में चोरी हुई, वो इलाज कराने परिवार के साथ सेना में तैनात बेटे के पास दिल्ली में गए थे। इसी दौरान दो चोरों ने घर में घुसकर चोरी की। पुलिस पीड़ित परिवार का इंतजार कर रही है। इंदिरानगर के सी-ब्लॉक के 499 मकान में बैंक से रिटायर्ड भूपाल सिंह बसेरा परिवार के साथ रहते हैं। उनके दोनों बेटे सेना में तैनात हैं। 8 जून को भूपाल सिंह की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसके चलते बेटे आलोक बसेरा ने इलाज के लिए पिता को दिल्ली बुला लिया। भूपाल सिंह अपनी पत्नी नीरू बसेरा के साथ दिल्ली चले गए थे।
भूपाल सिंह के दिल्ली जाने के बाद से पड़ोस में रहने वाली दीपा बिष्ट उनके घर की देख-रेख करती थीं। वह उनके घर में लगे पेड़-पौधों को पानी देती थीं। सोमवार शाम दीपा जब पौधों को पानी डालने पहुंची, तो देखा भूपाल सिंह के घर में लाइट जल रही है और ताला टूटा है। उन्होंने अंदर देखा, तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने यह बात आस-पास रहने वाले लोगों को बताई। इसके बाद पड़ोसी इकट्ठे हो गए। फिर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने देखा कि घर के सारे लाकर टूटे पड़े हैं। इसके बाद परिवार से संपर्क किया गया।
परिवार वालों का कहना है कि सारे जेवर वो अपने साथ ले गए थे। कुछ कैश घर में रखा था वही चोर अपने साथ ले गए हैं। फिलहाल पुलिस पीड़ित का इंतजार कर रही है। घर के अंदर सीसीटीवी नहीं था। पुलिस घर के सामने लगे सीसीटीवी की जांच कर रही है। यह सब्जी मंडी से लगा इलाका है, जो रात में भी व्यस्त रहता है। गाजीपुर गांव के लिए भी लोग इधर से ही आते जाते हैं। रानी झांसी पार्क के समाने होने से अवांछित तत्वों का आना-जाना, पार्क में रुकना, नशा करना यहां रोजमर्रा होता रहता है।
टिप्पणियां