एयरलाइंस में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी
नौ गिरफ्तार, दो फर्जी कॉल सेंटर पकड़े
- चार पुरुष और पांच महिलाएं गिरफ्तार
लखनऊ। सरोजनी नगर-बंथरा पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने फर्जी कॉल सेंटर पकड़ा है। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों ने बताया कि एयरलाइंस में नौकरी के नाम पर लोगों को बहला-फुसलाकर धोखाधड़ी करते हैं। उनको फर्जी नियुक्ति लेटर देते थे। अगर कोई ज्यादा जानकारी करता तो उसका नंबर ब्लॉक कर देते। पुलिस इनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को आउटर रिंग रोड कानपुर अंडरपास के पास एक बिल्डिंग में फर्जी कॉल सेंटर चलने की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस बिल्डिंग में पहुंची। जहां फर्स्ट फ्लोर पर एक दुकान में स्काई नेट इंटरप्राइजेज का बोर्ड लगा मिला। दो फर्जी कॉल सेंटर चल रहे थे। दुकान के अंदर जाकर देखा गया तो चार लड़के और पांच लड़कियां मोबाइल और लैपटॉप लेकर कुछ काम कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सब हड़बड़ा गए।
पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया। जिनकी पहचान दरोगा खेड़ा सरोजनी नगर निवासी कुलदीप, प्रियंका (20), आंचल शर्मा (20) और बंथरा निवासी शालू (21) के रूप में हुई। हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पहले गुमराह करते रहे। कड़ाई से पूछने पर बताया कि एयरलाइंस में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करते हैं।
आरोपियों ने बताया कि सब मिलकर काल सेंटर चलाते हैं। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को एयरलाइंस में नौकरी का झांसा देकर रुपए वसूल लेते हैं। उनको फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर भेज देते हैं। अगर कोई इसकी ज्यादा जांच पड़ताल करता है, तो उसका नम्बर ब्लॉक कर देते हैं।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि कॉलर को 8 से 10 हजार रुपए की सैलरी पर रखा जाता था। जालसाज नोएडा से 15 हजार रुपए महीने पर डाटा लेते थे। कंपनी रोजाना 100 सीवी देती थी। जिसमें सारी जानकारी होती थी। कॉलर जॉब व पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर पैसा लेते थे। इसके बाद फर्जी कॉल लेटर भेजते थे। ठगी के हिसाब से इन्सेंटिव भी मिलता था।
टिप्पणियां